Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 6-July-2025: बिहार में मानसून की चाल एक बार फिर धीमी पड़ती दिख रही है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान तेज बारिश की उम्मीदों पर पानी फिर गया और लोगों को सिर्फ हल्की फुहारों से ही संतोष करना पड़ा। हालांकि किशनगंज, अररिया और भभुआ में 30 से 50 मिमी तक बारिश दर्ज की गई, जबकि बाकी जिलों में औसतन 10 से 15 मिमी तक ही वर्षा हुई।
पटना में पिछली बार से कम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से पहले राज्य में पहुंच गया, लेकिन राजधानी पटना में अब तक 13 मिमी कम बारिश दर्ज की गई है। इसके उलट गया में सामान्य से 144 मिमी अधिक बारिश दर्ज की गई है, जो मानसून की असमान सक्रियता को दर्शाता है।
आज कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग (IMD) पटना ने रविवार के लिए राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ठनके का अलर्ट जारी किया है। खास तौर पर रोहतास और कैमूर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं सारण, सीवान, पटना, औरंगाबाद, गया, नवादा, बेगूसराय, गोपालगंज, पूर्वी व पश्चिम चंपारण और शेखपुरा जिलों में ठनका गिरने की आशंका है। पूरे राज्य में रविवार को अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। हालांकि तापमान अधिक नहीं है, फिर भी नमी के कारण उमस बनी रहेगी, जिससे गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
कल कैसा रहेगा मौसम का हाल
कल यानी सोमवार की बात करें तो राज्य के पूर्व और दक्षिण-मध्य भागों के जिलों के एक या दो जगहों पर बादल गरजने, ठनका गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। राज्य भर के जिलों में कुछ जगहों पर बरसात होगी। पटना में दिन भर बादलों की आवाजाही लगी रहेगी, इसके साथ आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
