पटना

Bihar Weather 25-November-2025: बिहार में दिन में ही होने लगी कनकनी, तापमान लुढ़का, घना कोहरा बना मुसीबत; जानें क्या कहता है मौसम का पूर्वानुमान

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 25-November-2025 पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: बिहार में ठंड बढ़ गई है। सुबह कोहरा, दिन में गुनगुनी धूप और शाम को हवाओं के साथ इस हफ्ते राहत की उम्मीद नहीं दिख रही है। तापमान के और गिरने पर शीतलहर की चेतावनी भी जारी की जा सकती है। आइए जानते हैं बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार में बढ़ी ठंड, जल्द आ सकती है शीतलहर की चेतावनी

Photo : Times Now Digital

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 25-November-2025: बिहार इस समय सर्दी के इस सीजन के सबसे तीखे दौर से गुजर रहा है। सुबह की ओस से भीगी धरती, मैदानों में बहती ठंडी पछुआ हवा और आसमान पर छाई धुंध की मोटी चादर, यही मौसम का नया मिजाज है। उत्तरी और पश्चिमी बिहार में ठंड ने जैसे पूरी तरह डेरा जमा लिया है। ग्रामीण इलाकों में पारा तेजी से गिरता जा रहा है, जबकि पटना, मोतिहारी, सीवान, जहानाबाद और गया जैसे प्रमुख शहर भी ठिठुरन की गिरफ्त में आ गए हैं। हिमालय से उतरती बर्फीली हवाएं बिहार की ठंड को और तीखा बना रही हैं।

इस हफ्ते कैसा रहेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में अगले पांच दिनों के दौरान कोई खास बदलाव नहीं होगा। दक्षिण, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में न्यूनतम तापमान भी लगभग स्थिर रहेगा। हालांकि, उत्तर-पश्चिम बिहार में अगले 72 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

आज भी दिखा घना कोहरा

मंगलवार सुबह पटना, बेतिया, बगहा, समस्तीपुर, गोपालगंज, मधेपुरा, सुपौल, बेगूसराय और जहानाबाद के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। कई स्थानों पर विजिबिलिटी 100 मीटर तक रह गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है और सुबह के वक्त मध्यम से घना कोहरा बने रहने की संभावना है। मौसम की बात करें तो भले ही दिन चढ़ने के बाद धूप निकल जाएगी और आसमान साफ रहेगा, लेकिन ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है। रात के तापमान में लगातार गिरावट जारी रहेगी और इससे सर्दी का असर और तेज महसूस होगा। पटना में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 1-2 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। दिन में हल्की धूप रहेगी, जबकि शाम होते ही ठंड तेजी से बढ़ेगी।

उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने बढ़ाई ठंड

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले 48 घंटों में उत्तर भारत से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं का प्रभाव बिहार में स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार चल रही हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट आई है। साथ ही वातावरण में नमी बढ़ने के कारण रात और सुबह कोहरे का असर तेज हो गया है। इस वजह से दिन में धूप होने के बावजूद रात और सुबह की ठंड में इजाफा हो रहा है। फिलहाल कुछ दिनों तक इससे राहत मिलने की संभावना भी नहीं दिख रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article