Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 22-July-2025: जुलाई महीने में बिहार का मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कुछ दिन पहले तक जहां झमाझम बारिश हो रही थी, वहीं अब उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और अगले 48 घंटों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
तेजी से चढ़ा पारा
राज्य में सोमवार से ही तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। सुपौल, किशनगंज, मधुबनी, मुंगेर, भागलपुर और बांका समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को भी तेज धूप और उमस की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है।
आज कैसा रहेगा मौसम
आज यानी मंगलवार को पटना, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर समेत 27 जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। हालांकि पश्चिम चंपारण, सीवान, बक्सर, कैमूर, रहता समेत दक्षिण बिहार के 11 जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
बारिश में आई कमी
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में अब तक सामान्य से 42% कम बारिश हुई है। सोमवार को केवल पूर्णिया (19.2 मिमी), मधुबनी (2 मिमी) और बेगूसराय (2.5 मिमी) में मामूली बारिश दर्ज की गई। बाकी जिलों में बारिश न के बराबर रही। बारिश की इस कमी ने खेती पर भी असर डालना शुरू कर दिया है, जबकि कुछ क्षेत्रों में पिछले दिनों की भारी बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो रही है।
कब लौटेगी बारिश
बिहार में फिलहाल इन दो दिन तक गर्मी और उमस से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि बुधवार के बाद बिहार में एक बार फिर से बारिश की वापसी हो सकती है, जिससे मौसम में कुछ ठंडक आने की संभावना है।
