पटना

बिहार को मिलेगा दूसरा मरीन ड्राइव, 10 हजार करोड़ की लागत से तैयार होगा मुंगेर से भागलपुर तक फोर लेन एलिवेटेड रोड

पटना के दीघा-दीदारगंज मरीन ड्राइव की तरह अब मुंगेर से भागलपुर तक लंबा चार लेन एलिवेटेड मरीन ड्राइव बनाने की तैयारी की जा रही है। 12 से 13 जुलाई के बीच मुख्यमंत्री इस योजना को मंजूरी देंगे, जिसके बाद निर्माण कार्य आरंभ होगा। यह बिहार का दूसरा विस्तृत मरीन ड्राइव होगा, जिसका निर्माण हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (हैम) के तहत किया जाएगा।

Image

भागलपुर और मुंगेर के बीच बनेगा दूसरा मरीन ड्राइव

Photo : Twitter

Bihar News: राजधानी पटना के दीघा-दीदारगंज मरीन ड्राइव की तर्ज पर अब मुंगेर से भागलपुर तक लगभग 100 किलोमीटर लंबा चार लेन एलिवेटेड मरीन ड्राइव बनाने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश के बाद पथ निर्माण विभाग इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव तैयार कर चुका है, जिसकी लागत लगभग 10,000 करोड़ आंकी गई है।

मुख्यमंत्री से जल्द मिल सकती है स्वीकृति

शनिवार को श्रावणी मेला की तैयारियों के निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने जानकारी दी कि यह परियोजना 12 से 13 जुलाई के बीच मुख्यमंत्री से स्वीकृति प्राप्त कर लेगी। इसके तुरंत बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

बिहार को मिलेगा दूसरा मरीन ड्राइव

यह मरीन ड्राइव बिहार का दूसरा सबसे लंबा गंगा किनारे मार्ग होगा। इसका निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM) के तहत किया जाएगा, जिसमें 60% राशि निर्माण एजेंसी और 40% राशि राज्य सरकार वहन करेगी। इसके साथ ही मंत्री ने बताया कि सुल्तानगंज एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में भी काम हो रहा है। साथ ही श्रावणी मेला के दृष्टिकोण से पथ निर्माण विभाग का कार्य 9 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके निरीक्षण के लिए मुख्यालय से विशेष इंजीनियरिंग टीम सुल्तानगंज पहुंचेगी।

पटना मरीन ड्राइव का विस्तार भी जारी

इस बीच, पटना में दीघा से दीदारगंज तक 20.5 किमी लंबा मरीन ड्राइव पहले ही तैयार किया जा चुका है। इसका निर्माण चार चरणों में 2022 से 2025 के बीच पूरा हुआ। अब इस प्रोजेक्ट का विस्तार पश्चिम में कोइलवर पुल तक और पूर्व में फतुहा, बख्तियारपुर होते हुए मोकामा तक किए जाने की योजना पर भी काम शुरू होने वाला है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article