Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 31 July 2025: बिहार एक बार फिर भीषण बारिश की चपेट में आने वाला है। हालांकि मॉनसून ने अब अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है, जिससे अगले कुछ दिन राज्य के लोगों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। मौसम विभाग का कहना कि, आगामी 5 अगस्त तक पूरे राज्य में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। खासतौर पर उत्तर बिहार में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। गया, नवादा, जमुई, मुंगेर, भागलपुर और बांका जैसे जिलों में भी मूसलधार बारिश के संकेत मिले हैं। इसके अलावा बिजली गिरने, जलजमाव और बाढ़ की आशंका ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
ऐसे में प्रशासन ने अलर्ट मोड में आते हुए आम जनता से पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है। हालांकि कुछ ऐसे जिले जो अब तक सूखे की स्थिति में थे, उनके लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। आज भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं पटना, गया, पश्चिम चंपारण, सारण समेत दक्षिण-मध्य और उत्तर-पश्चिम बिहार के 13 जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश के आसार हैं। बाकी 19 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मध्य भारत में सक्रिय हुए निम्न दबाव के क्षेत्र ने दक्षिण-पश्चिमी मानसून को और भी अधिक सक्रिय कर दिया है। इसका असर बिहार में साफ तौर पर दिखेगा, जहां अगले कुछ दिनों तक बारिश से राहत की कोई संभावना नहीं है।
इस दिन भारी बारिश की चेतावनी
1 और 2 अगस्त को पूरे बिहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद 3 से 5 अगस्त के बीच उत्तर बिहार के सभी जिलों में भीषण वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में राज्य के लोगों को अगले पांच दिन सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि ये दिन काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं। हालांकि लगातार बारिश की चेतावनियों के बीच एक चिंताजनक तथ्य यह भी है कि अब तक बिहार में सामान्य से 40% कम वर्षा दर्ज की गई है। सबसे खराब स्थिति सीतामढ़ी जिले की है, जहां 83% तक बारिश की कमी देखी गई है। इसके अलावा पूर्वी चंपारण में 78% और सहरसा में 72% कम बारिश हुई है। उत्तर बिहार के 16 जिले इस समय सूखे की चपेट में हैं।
बिहार में आज का तापमान
बिहार के विभिन्न शहरों में मौसम और वायु गुणवत्ता की स्थिति कुछ इस प्रकार है, जहां पटना में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 85 रहा। मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि AQI 52 के साथ अपेक्षाकृत बेहतर वायु गुणवत्ता दर्शा रहा है। गया में तापमान सबसे अधिक रहा जो कि 34.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 26.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम के साथ AQI 82 रहा। पूर्णिया में मौसम गर्म रहा, अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा, साथ ही AQI 44 के कारण वहां की वायु सबसे स्वच्छ रही। भागलपुर में अधिकतम तापमान 33.7 और न्यूनतम 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा, और AQI 63 पर संतोषजनक स्तर पर वायु गुणवत्ता रही।
