Pashupati Paras vs Chirag Paswan for Hajipur: बिहार में चाचा पशुपति पारस और भतीजे चिराग पासवान में हाजीपुर सीट को लेकर फिर से रार गर्मा गई है। रविवार (13 अगस्त, 2023) को केंद्रीय मंत्री पारस ने दावा किया कि साल 2024 का लोकसभा चुनाव वह इसी सीट से लड़ेंगे और उन्हें वहां से लड़ने से कोई नहीं रोक सकता है। हालांकि, चिराग लंबे समय से कहते आए हैं कि उनके दिवंगत पिता रामविलास पासवान यह चाहते थे कि इस सीट से उनका बेटा (चिराग) लड़े।
भतीजे को हिदायत देते हुए वह बोले- चिराग वहां जाएं, जहां पासवान उन्हें ले गए थे और उन्हें वहां पर लोगों की सेवा करनी चाहिए। वैसे, चिराग चाहते हैं कि हाजीपुर सीट से उनकी मां या फिर वह चुनाव लड़ें। वह पूर्व में दावा भी करते आए हैं कि उनके पिता रामविलास भी यही चाहते थे कि वह इस सीट से चुनावी ताल ठोंकें।
बोले थे रामविलास- चाहता था कि चिराग हाजीपुर से लड़ें
वैसे, रामविलास असल में चाहते थे कि साल 2014 में चिराग हाजीपुर से लड़ें, पर तब चिराग का मन जमुई सीट से लड़ने का था। यह बात खुद चिराग के पिता ने एक टीवी इंटरव्यू के दौरान बताई थी। हालांकि, पासवान के बेटे जमुई से एक लाख से अधिक वोट से जीते थे।
