पटना

बिहार के इन 6 शहरों में होगा नए एयरपोर्ट का निर्माण, नीतिश सरकार ने कैबिनेट मीटिंग में दी मंजूरी

सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज कैबिनेट बैठक में होटल पाटलिपुत्र अशोक को फाइव स्टार होटल बनाए जाने की मंजूरी के साथ मधुबनी-मुजफ्फरपुर समेत कई शहरों में उड़ान योजना के तहत छोटे हवाई अड्डों का विकास किया जाएगा। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस प्रकार के करीब 20 प्रस्तावों पर बिहार सरकार ने मुहर लगाई है।

Image

नीतीश सरकार ने कैबिनेट बैठक में फाइव स्टार होटल समेत 20 प्रस्तावों पर लगाई मुहर

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार, 17 जून यानी आज राजधानी पटना में कैबिनेट बैठक का आयोजन किया गया था। इस बैठक में 20 महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लगाई है, जिसमें से एक बिहार के कई शहरों में छोटे हवाई अड्डों का विकास करना है। बता दें कि बैठक में मधुबनी, वीरपुर, मुंगेर सहित कई अन्य शहरों में छोटे हवाई अड्डे को लेकर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण से समझौता ज्ञापन करने की स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे छोटे हवाई अड्डे बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

किन शहरों को छोटे हवाई अड्डे के रूप में किया जाएगा विकसित

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार मंत्रिमंडल की इस बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी है। इस बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मंत्रिमंडल के सभी मंत्री मौजूद रहे। इस बैठक में कुल 20 एजेंडों पर मुहर लगाई गई है। बताया गया कि इस बैठक में मधुबनी, वीरपुर, मुंगेर, बाल्मीकि नगर, मुजफ्फरपुर एवं सहरसा हवाई अड्डे को 'उड़ान' योजना के तहत छोटे हवाई अड्डे के रूप में विकास के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य सरकार के बीच समझौता ज्ञापन की स्वीकृति प्रदान कर दी गई।

स्पेशल ऑक्जिलरी पुलिस में सैनिकों का कॉन्ट्रैक्ट अवधि बढ़ेगी

इसके अलावा इस मंत्रिमंडल की बैठक में बिहार पुलिस के अंतर्गत गठित स्पेशल ऑक्जिलरी पुलिस में बहाल किए गए भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सैनिकों के कार्यरत बल 1717 की अनुबंध अवधि (Contract Period) का 2025-2026 तक विस्तार किया गया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘कुल 150 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं जिसमें से प्रत्येक हवाई अड्डे के विकास के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।’’

इंटरनेशल क्रिकेट स्टेडियम समेत फाइव स्टार होटल को मिली मंजूरी

इस बैठक में राज्य खेल अकादमी और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, राजगीर की क्रीड़ा प्रशिक्षक संवर्ग नियमावली 2025 को भी मंजूरी दी गई तथा बैठक में पटना में होटल पाटलिपुत्र अशोक की भूमि पर जन-निजी भागीदारी के माध्यम से पांच सितारा होटल के निर्माण के लिए आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार द्वारा अनुमोदित रियायती इकरारनामा दस्तावेज के आधार पर सफल निविदाकर्ता को लेटर ऑफ अवार्ड निर्गत करने की स्वीकृति दे दी गई।

अतिरिक्त मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने कहा, ‘‘होटल को सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत विकसित किया जाएगा और जमीन 90 साल की लीज पर दी जाएगी। पटना में बांकीपुर बस स्टैंड तथा आर गोलंबर के पास दो और पांच सितारा होटलों के निर्माण के लिए बोली प्रक्रिया को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।’’ सिद्धार्थ ने बताया कि कैबिनेट ने चने के लिए 5,650 रुपये, सरसों के लिए 5,950 रुपये और मसूर के लिए 6,700 रुपये न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी तय किया है।

राजस्व परामर्शदात्री समिति का होगा गठन

मंत्रिमंडल की बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधीन राजस्व विभागीय जटिल एवं गूढ़ मामलों पर परामर्श, सुझाव देने एवं प्रारूप गठन के लिए 'राजस्व परामर्शदात्री समिति' का गठन करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृत कर दिया गया। इसके अलावा शिक्षा विभाग के अंतर्गत विकासात्मक गतिविधियों के क्रियान्वयन और अनुश्रवण के लिए परामर्शी तीन पदों को संविदा के आधार पर सृजित करने की भी स्वीकृति दी गई है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article