आईपीएल को जोश और उत्साह इस समय पूरे देश में है। ऐसे में उभरते युवा खिलाड़ी, 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने सोमवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 38 गेंदों में 101 रन बनाकर 14 साल और 32 दिन की उम्र में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सहित टी20 क्रिकेट के सबसे कम उम्र के शतकवीर बनने का रिकॉर्ड बनाया है। वैभव ने मात्र 35 गेंद में अपना शतक पूरा किया जिससे वे आईपीएल में सबसे तेज शतक बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन चुके हैं। उन्होंने इस दौरान अपनी पारी में 94 रन बाउंड्री से बनाए।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने ट्वीट पर लिखा कि, आईपीएल के इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने बिहार के वैभव सूर्यवंशी को बधाई एवं शुभकामनाएं। वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं। सभी को उन पर गर्व है। उन्होंने सूर्यवंशी और उनके पिता से मुलाकात की फोटो को साझा करते हुए लिखा कि वैभव सूर्यवंशी एवं उनके पिता से वर्ष 2024 में एक अणे मार्ग में मुलाकात हुई थी तथा उस समय मैंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की थी। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के पश्चात् फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई भी दी।
10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा
मुख्यमंत्री ने लिखा ने लिखा कि बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को राज्य सरकार द्वारा 10 लाख रुपये की सम्मान राशि भी दी जाएगी। मेरी शुभकामना है कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम के लिए नए कीर्तिमान रचें और देश का नाम रोशन करें। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी एक अन्य ट्वीट में सूर्यवंशी को बधाई दी। उन्होंने नीतीश कुमार को टैग करते हुए लिखा ने कि बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल में असाधारण प्रदर्शन और प्रतिभा को सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 10 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि घोषित की है। उन्होंने कहा कि सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले वैभव सूर्यवंशी को फिर एक बार बधाई एवं शुभकामनाएं। वैभव सूर्यवंशी पर हर बिहारी को गर्व है। एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार खिलाड़ियों के हर कदम पर साथ है।
