पटना

सचिन, कोहली, रोहित और सहवाग, बिहारी लड़के ने सबको पछाड़ा; वनडे में रचा इतिहास

बिहार में समस्तीपुर की ओर से खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी को लोग बिहार का सचिन भी कहते हैं। बिहार के इस सचिन ने जो कारनामा कर दिखाया है, उसे देखते हुए कोई भी कह सकता है कि इस उम्र में उनकी तुलना महान सचिन तेंदुलकर से हो रही है तो यह गलत नहीं है।

Image

वैभव सूर्यवंशी

क्रिकेट को अनिश्चितताओं का खेल कहा जाता है। लेकिन इस खेल के लिए विशेष टैलेंट की जरूरत होती है। यही वजह है कि सचिन तेंदुलकर को आज क्रिकेट का भगवान कहते हैं। विराट कोहली क्रिकेट के किंग हैं, रोहित शर्मा हिटमैन के नाम से मशहूर हैं। मुल्तान के सुल्तान विरेंद्र सहवाग भी किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। लेकिन बिहार में समस्तीपुर एक लड़के ने इन सभी लीजेंड्स को पछाड़ दिया है। आइए और जानते हैं युवक की उपलब्धि के बारे में -

बिहार में इन दिनों रणधीर वर्मा अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता खेली जा रही है। इस कॉम्पटीशन के तहत रविवार को समस्तीपुर के बैट्समैन वैभव सूर्यवंशी ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। वैभव सूर्यवंशी ने अपनी 178 गेंदों की पारी में 332 रन बना डाले। वैभव यह शानदार पारी खेलने के बाद नाबाद लौटे, किसी भी गेंदबाज के पास वो गेंद ही नहीं थी, जो उन्हें छका कर उनकी विकेट ले सके।

तोड़ा इनका रिकॉर्ड

इससे पहले साल 2002 में काउंटी क्रेकट के फर्स्ट क्लास के वनडे मैच में सरे की ओर सबसे बड़ी पारी खेली गई थी। उस समय सरे के बल्लेबाज अली ब्राउन ग्लेमोर्गन के खिलाफ 268 रन की बड़ी पारी खेली थी।

इंटरनेशनल में रोहित सबसे आगे

इंटरनेशनल क्रिकेट में वनडे के इतिहास की सबसे बड़ी पारी भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 13 नवंबर 2014 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे इतिहास की सबसे बड़ी 264 रन की पारी खेली थी। उस मैच में कप्तान रहे विराट कोहली ने भी 66 रन की पारी खेली थी।

ज्ञात हो कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा कराए जा रहे इस टूर्नामेंट में तीसरा शतक लगाने वाले वैभव पहले भारतीय हैं। बता दें कि वनडे इतिहास में तीहरा शतक अब तक सिर्फ एक बार लगा था, वह भी ब्लाइंड क्रिकेट में। ऑस्ट्रेलिया के स्टीफन नीरो ने 14 जून 2022 को ब्रिस्बेन में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 140 गेंदों का सामना कर 309 रन बनाए थे।

समस्तीपुर ने 500 का स्कोर बनाया

वैभव सूर्यवंशी ने 178 गेंदों का सामना कर नाबाद 332 रन बनाए। उनकी इस ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर समस्तीपुर की टीम ने 50 ओवर में एक विकेट खोकर बोर्ड पर 500 रन जड़ दिए। इतने विशाल लक्ष्य के सामने सहरसा की टीम कहीं टिक नहीं पाई और सिर्फ 219 रन ही बना पाई।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article