Lakhisarai Accident News: बिहार के लखीसराय जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार ऑटो ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। जिसमें तीन इंजीनियरिंग छात्रों की जान चली गई। वहीं दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं ऑटो चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
परीक्षा के बाद घर लौट रहे थे छात्र
यह हादसा लखीसराय-जमुई सीमा पर स्थित नोनगढ़ चेक पोस्ट के पास हुआ। हादसे के वक्त ऑटो में सवार सभी छात्र शिवसोना इंजीनियरिंग कॉलेज के तृतीय वर्ष के छात्र थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद वे घर लौट रहे थे। ऑटो की ट्रक के साथ टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को पटना किया गया रेफर
पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच है। इस हादसे से मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
