Encounter In Chandan Mishra Murder Case: पटना का चर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड, जिसे पारस हॉस्पिटल में अंजाम दिया गया था, उसे लेकर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाइयां सामने आ रही हैं। एक के बाद एक कई गिरफ्तारियों के बाद सोमवार सुबह भोजपुर जिले के बिहिया इलाके में इस वारदात में शामिल कुछ आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई।
दो आरोपी घायल
मिली जानकारी के अनुसार दो अपराधियों को गोली लगी है, जिनकी पहचान बलवंत कुमार सिंह और रविरंजन कुमार सिंह के तौर पर हुई है, जबकि तीसरे आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। ये दोनों अन्य अपराधियों के साथ 17 जुलाई को पारस अस्पताल में हुई हत्या की घटना में शामिल थे। इनके पास से पुलिस को कुछ हथियार भी मिले हैं।
पहले से भी हुई थीं गिरफ्तारियां
बता दें कि पटना के एक निजी अस्पताल में 17 जुलाई की सुबह कुछ बदमाशों ने चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बिहार के बक्सर जिले का रहने वाला मिश्रा पैरोल पर जेल से बाहर था और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती था। इस मामले में शनिवार को जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली थी। कोलकाता के पास न्यू टाउन से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था और उसी रात एसटीएफ ने कोलकाता के ही आनंदपुर इलाके स्थित ग्रीन एज रेजीडेंसी से पांच अन्य लोगों को हिरासत में लिया था।
