पटना

भारत बंद 9 जुलाई 2025: पटना, गया में कल स्कूल, बैंक और सरकारी दफ्तर पर क्या रहेगा असर? जानिए पूरी जानकारी

भारत बंद 9 जुलाई 2025 पटना में कल भारत बंद का क्या असर पड़ेगा: 9 जुलाई को केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में भारत बंद का आह्वान किया गया है। 25 करोड़ कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है, जिससे बैंकिंग, डाक, परिवहन जैसी सेवाएं प्रभावित होंगी। आइए जानते हैं पटना में भारत बंद का क्या असर होगा।

Image

भारत बंद का पटना में क्या पड़ेगा असर (फोटो: Canva)

Bharat Band Patna News: केंद्र सरकार की कथित मजदूर-विरोधी और कॉरपोरेट समर्थक नीतियों के विरोध में देशभर में 9 जुलाई को 'भारत बंद' का आह्वान किया गया है। 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और उनके सहयोगी संगठनों की ओर से बुलाई गई इस हड़ताल में करीब 25 करोड़ कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है। इसका असर बैंकिंग, बीमा, डाक, परिवहन, कोयला खनन और निर्माण क्षेत्रों सहित कई प्रमुख सेवाओं पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन बिहार पर इसका क्या असर होगा, आइए जानते हैं।

किन सेवाओं पर पड़ेगा असर?

हड़ताल में बैंक, बीमा, डाक सेवाएं, कोयला खनन, सरकारी निर्माण कार्य, सरकारी परिवहन सेवाएं और कई फैक्ट्रियों के कर्मचारी भाग लेंगे। इसके चलते कई बिहार के कई बड़े शहरों, मसलन पटना, गयाजी, भागलपुर में कई सरकारी सेवाएं बाधित हो सकती हैं।

अस्पताल, रेलवे, बाजार, मॉल, निजी कार्यालय और स्कूल कॉलेजों को इससे बाहर रखा गया है। लेकिन राजधानी पटना में नए ट्रैफिक नियम के विरोध में ऑटो संघ ने भी आज और कल, यानी 8 और 9 जुलाई को हड़ताल पर जाने का फैसला लिया था। जिसका असर ऑटो से स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों पर पड़ सकता है।

विपक्ष का भी समर्थन

इस हड़ताल को सिर्फ शहरी श्रमिकों का ही नहीं, बल्कि किसान संगठनों और ग्रामीण मजदूर यूनियनों का भी समर्थन मिल रहा है। इसी के साथ विपक्ष भी इसके समर्थन में है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कल कहा, “9 तारीख को राहुल गांधी और हम, दोनों मिलकर चक्का जाम करेंगे। बिहार में जिस तरह से गरीबों के अधिकार, मत का अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है। हम उनके हक के लिए चक्का जाम करेंगे और ट्रेड यूनियनों का भी पूरा साथ देंगे।”

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!