पटना

Bihar: भागलपुर में रिश्ते हुए शर्मसार; भाई-भतीजे ने मिलकर उतारा शख्स को मौत के घाट

बिहार के भागलपुर जिले के जहांगीरपुर बैसी गांव में गुरुवार सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 62 वर्षीय कमलेश्वरी यादव की उनके ही भाई और भतीजों ने दबिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया है और आरोपी अब भी फरार हैं।

Image

जमीन विवाद ने ली शख्स की जान

Photo : Times Now Digital

बिहार के भागलपुर जिले के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर बैसी गांव में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां जमीन विवाद को लेकर एक भाई ने अपने ही सगे भाई की हत्या कर दी। मृतक की पहचान 62 वर्षीय कमलेश्वरी यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, कमलेश्वरी यादव पर उनके भाई अंबिका यादव ने अपने दो बेटों गौरव और सौरभ के साथ मिलकर दबिया से हमला किया। हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने से कमलेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हैं।

मृतक की बड़ी बेटी बबली कुमारी ने पुलिस को बताया कि जमीन विवाद के चलते उसके चाचा अंबिका यादव ने उसके पिता की हत्या की। वहीं छोटी बेटी जूली ने दावा किया कि चाचा और उनके परिवार ने न सिर्फ उनके पिता को मारा, बल्कि उसे भी जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि विवाद काफी पुराना है और इसे लेकर कई बार पंचायत हो चुकी थी। पंचायत में अंबिका यादव ने जमीन लेने से इनकार किया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।

जानकारी के मुताबिक, मृतक के बेटे हरीश यादव ने भी आरोप लगाया कि आरोपी परिवार लगातार उन्हें धमकाता रहा और एक महीने पहले चाचा के बेटे ने उस पर भी हमला किया था। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और बेटियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article