बिहार में जैसे ही बारिश की शुरुआत हुई, बिजली का भी कहर दिखने लगा है। बिहार में ठनका यानि कि वज्रपात की चपेट में आने से 7 लोगों की मौत हो गई है। वज्रपात ने कई शहरों का निशाना बनाया है। जिसमें बक्सर से लेकर दरभंगा तक शामिल है।
बिहार में कहां-कहां वज्रपात
बिहार के छह जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गयी। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, रविवार से सोमवार शाम तक वज्रपात से औरंगाबाद जिले में दो, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भागलपुर और दरभंगा में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी।
मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वज्रपात के कारण हुई इन मौतों पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें।
बिहार में बारिश
पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद कई नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण बिहार में प्रशासन सोमवार को अलर्ट पर है। कोसी, बागमती, गंडक, बूढ़ी गंडक, गंगा, सोन और पुनपुन जैसी नदियां उफान पर हैं, लेकिन फिलहाल खतरे के निशान से नीचे हैं।
