बिजनेस

नोएडा में बिक रहे 32 करोड़ तक के लग्जरी फ्लैट! जानें कहां हैं ये प्रोजेक्ट और क्या हैं इनकी खूबियां?

नोएडा का रियल एस्टेट बाजार पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बदला है। कभी किफायती और मिडिल इनकम वाले लोगों के लिए बेहतर विकल्प माने जाने वाले नोएडा में अब लग्जरी और अल्ट्रा-लग्जरी घरों की भरमार है।

Image

लग्जरी फ्लैट

कुछ साल पहले तक नोएडा अफोर्डेबल प्रॉपर्टी के लिए जाना जाता था। गुरुग्राम के मुकाबले नोएडा में प्रॉपर्टी की कीमत काफी कम होती थी। इसलिए मिडिल क्लास परिवार की पहली पसंद नोएडा हुआ करता था लेकिन अब वक्त बदल गया है। नोएडा में भी प्रॉपर्टी की कीमत करोड़ों में पहुंच गई है। आलम यह है कि कई प्रोजेक्ट में फ्लैट की कीमत 32 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इन फ्लैट में ग्रीन स्पेस, गोल्फ कोर्स का नजारा, प्राइवेट क्लब और आधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं। आइए जानते हैं नोएडा के ऐसे 10 प्रमुख लग्जरी प्रोजेक्ट्स के बारे में, जहां लोकेशन से लेकर सुविधाओं तक हर चीज खास है।

1. मैक्स एस्टेट्स 128 (Max Estates 128)

नोएडा के सबसे महंगे और प्रीमियम रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स में मैक्स एस्टेट्स 128 का नाम शामिल है। सेक्टर 128 में स्थित इस प्रोजेक्ट की खासियत इसका ग्रीन और सस्टेनेबल डिजाइन है। यहां के अपार्टमेंट गोल्फ कोर्स की तरफ खुलते हैं और इनमें बड़े डेक दिए गए हैं। प्रोजेक्ट का लैंडस्केप गार्डन, क्लब हाउस, वेलनेस सुविधाएं, आधुनिक सिक्योरिटी सिस्टम और डेडिकेटेड पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसकी लोकेशन भी इसे खास बनाती है। कीमत की बात करें तो यहां प्रीमियम अपार्टमेंट की शुरुआती कीमत करीब 11.35 करोड़ रुपये है, जबकि सबसे महंगे फ्लैटों की कीमत 32 करोड़ रुपये तक पहुंचती है।

2. M3M द क्यूलिनन (M3M The Cullinan)

M3M द क्यूलिनन नोएडा के सेक्टर 94 में स्थित एक अल्ट्रा-लग्जरी प्रोजेक्ट है। यह नोएडा-दिल्ली बॉर्डर के पास नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्थित है, जिससे दिल्ली तक पहुंचना आसान होता है। इस प्रोजेक्ट की खासियत यह है कि इसमें रेजिडेंशियल अपार्टमेंट के साथ लग्जरी रिटेल स्पेस भी विकसित किया गया है। यहां 3, 4 और 5 BHK के अपार्टमेंट उपलब्ध हैं, जहां से शहर और गोल्फ कोर्स का नजारा दिखाई देता है। इस प्रोजेक्ट का डिजाइन सिंगापुर की DP Architects ने तैयार किया है। यहां इन्फिनिटी स्विमिंग पूल, तीन मंजिल की ऊंचाई वाली एंट्रेंस लॉबी, स्मार्ट होम ऑटोमेशन, लैंडस्केप्ड पोडियम और स्पोर्ट्स सुविधाएं दी गई हैं। इस प्रोजेक्ट में फ्लैटों की कीमत करीब 6.3 करोड़ रुपये से शुरू होकर 18 करोड़ रुपये तक जाती है।

3. ATS नाइट्सब्रिज (ATS Knightsbridge)

नोएडा के सेक्टर 124 में स्थित ATS नाइट्सब्रिज उन लोगों के लिए खास प्रोजेक्ट है, जो लग्जरी के साथ प्राइवेसी को भी प्राथमिकता देते हैं। इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत इसका डिजाइन है। यहां हर टावर में एक फ्लोर पर सिर्फ एक अपार्टमेंट बनाया गया है। इससे निवासियों को ज्यादा जगह, प्राइवेसी और आसपास के नजारों का बेहतर अनुभव मिलता है। यहां से यमुना नदी के कुछ शानदार दृश्य भी दिखाई देते हैं। प्रोजेक्ट में बड़ा क्लब हाउस, लैंडस्केप गार्डन, हाईटेक सिक्योरिटी और प्रीमियम कॉमन एरिया जैसी सुविधाएं हैं। इसकी कीमत की बात करें तो यहां फ्लैट करीब 9.5 करोड़ रुपये से शुरू होते हैं और 18 करोड़ रुपये तक जाते हैं। वहीं, कुछ खास स्काई विला की कीमत करीब 21 करोड़ रुपये तक बताई गई है।

4. काउंटी 107 (County 107)

नोएडा के सेक्टर 107 में स्थित काउंटी 107 को 'विला इन द स्काई' यानी आसमान में बने विला के कॉन्सेप्ट पर तैयार किया गया है। इस प्रोजेक्ट की खासियत इसके अपार्टमेंट में दिए गए प्राइवेट बालकनी गार्डन हैं। यहां टावरों को एक एलिवेटेड वॉकवे के जरिए जोड़ा गया है। प्रोजेक्ट में हरियाली, खुली जगह और बेहतर एयर क्वालिटी पर विशेष ध्यान दिया गया है। यहां निजी बालकनी गार्डन के अलावा लैंडस्केप्ड ग्रीन जोन, वेलनेस और फिटनेस सुविधाएं तथा 24 घंटे सिक्योरिटी की व्यवस्था है। यहां फ्लैटों की कीमत करीब 8.2 करोड़ रुपये से शुरू होकर 17.5 करोड़ रुपये तक जाती है।

5. L&T ग्रीन रिजर्व (L&T Green Reserve)

L&T ग्रीन रिजर्व नोएडा के सेक्टर 128 में स्थित है। यह जयपी ग्रीन्स विश टाउन की बड़ी टाउनशिप का हिस्सा है। इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी लो-डेंसिटी प्लानिंग और बड़े ग्रीन एरिया हैं। प्रोजेक्ट के 70 फीसदी से ज्यादा हिस्से को खुली हरियाली के लिए रखा गया है। यहां कई अपार्टमेंट से गोल्फ कोर्स का नजारा दिखाई देता है। यह प्रोजेक्ट उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो शहर की सुविधाओं के साथ शांत और हरियाली वाले माहौल में रहना चाहते हैं। यहां लग्जरी क्लब हाउस, स्पा, कई स्विमिंग पूल, जॉगिंग ट्रैक, लैंडस्केप गार्डन और वेलनेस सुविधाएं मौजूद हैं। यहां 3 BHK फ्लैटों की कीमत करीब 6 से 7 करोड़ रुपये के बीच है, जबकि बड़े 5 BHK अपार्टमेंट की कीमत करीब 13.5 करोड़ रुपये तक जाती है।

6. गुलशन डायनेस्टी (Gulshan Dynasty)

नोएडा के सेक्टर 144 में स्थित गुलशन डायनेस्टी को वेलनेस आधारित लग्जरी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के तौर पर पेश किया गया है। इसका फोकस ऐसे लोगों पर है, जो घर के साथ स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली से जुड़ी सुविधाएं भी चाहते हैं। प्रोजेक्ट के 75 फीसदी से ज्यादा हिस्से में खुली जगह और वेलनेस सुविधाओं को जगह दी गई है। इसकी एक खास सुविधा हाइड्रोपोनिक फार्मिंग है, जिसके जरिए निवासी आधुनिक तकनीक से पौधे और सब्जियां उगा सकते हैं। यहां वेलनेस और फिटनेस सेंटर, लैंडस्केप्ड ओपन स्पेस और प्रीमियम क्लब हाउस जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इस प्रोजेक्ट में फ्लैटों की कीमत करीब 8.85 करोड़ रुपये से शुरू होकर 14 करोड़ रुपये तक जाती है।

7. आइवरी काउंटी (Ivory County)

नोएडा के सेक्टर 115 में स्थित आइवरी काउंटी एक प्रीमियम रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट है। इसकी पहचान बड़े आकार के फ्लैटों, खासकर 5 BHK अपार्टमेंट के लिए है। यहां आधुनिक आर्किटेक्चर के साथ लग्जरी लाइफस्टाइल से जुड़ी कई सुविधाएं दी गई हैं। प्रोजेक्ट में प्रीमियम क्लब हाउस, लैंडस्केप गार्डन, फिटनेस और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं तथा आधुनिक सिक्योरिटी सिस्टम मौजूद हैं। इस प्रोजेक्ट में फ्लैटों की कीमत करीब 3.1 करोड़ रुपये से शुरू होकर 13.9 करोड़ रुपये तक जाती है। हालांकि, यहां शुरुआती 3 BHK फ्लैट 5 करोड़ रुपये से कम कीमत पर भी उपलब्ध हैं। बड़े 4 और 5 BHK अपार्टमेंट तथा पेंटहाउस की कीमत 10 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच जाती है।

8. गोदरेज रिवराइन (Godrej Riverine)

नोएडा के सेक्टर 44 में स्थित गोदरेज रिवराइन अपनी खास लोकेशन के लिए जाना जाता है। इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यमुना नदी की तरफ खुलने वाले अपार्टमेंट हैं। सेक्टर 44 नोएडा के पुराने और स्थापित रिहायशी इलाकों में शामिल है। यहां से नोएडा एक्सप्रेसवे और बॉटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन तक पहुंचना भी आसान है। प्रोजेक्ट को कम घनत्व वाले रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया गया है, जहां खुली जगह और हरियाली पर ध्यान दिया गया है। यहां क्लब हाउस, स्विमिंग पूल, फिटनेस सेंटर, बच्चों के लिए एक्टिविटी एरिया और ग्रीन जोन जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इस प्रोजेक्ट में फ्लैटों की कीमत करीब 7.3 करोड़ रुपये से शुरू होकर 12.7 करोड़ रुपये तक जाती है।

9. एक्सपीरियन एलिमेंट्स (Experion Elements)

नोएडा के सेक्टर 45 में स्थित एक्सपीरियन एलिमेंट्स आधुनिक तकनीक और सस्टेनेबल डिजाइन पर आधारित लग्जरी प्रोजेक्ट है। इसका डिजाइन प्रकृति के पांच तत्वों से प्रेरित है। यहां ऐसे अपार्टमेंट तैयार किए गए हैं, जिनमें बेहतर वेंटिलेशन और प्राकृतिक रोशनी के लिए ड्यूल-एस्पेक्ट डिजाइन का इस्तेमाल किया गया है। प्रोजेक्ट में रूफटॉप ग्रीन स्पेस और सोशल एरिया भी बनाए गए हैं। यहां EV चार्जिंग सुविधा, लैंडस्केप गार्डन, क्लब हाउस, स्विमिंग पूल और स्मार्ट सिक्योरिटी सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। सेक्टर 45 में स्थित होने के कारण यह शहर के प्रमुख सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्रों से अच्छी कनेक्टिविटी रखता है। इस प्रोजेक्ट में फ्लैटों की कीमत करीब 6.4 करोड़ रुपये से 8.7 करोड़ रुपये तक है।

10. M3M जैकब एंड कंपनी (M3M Jacob & Co)

नोएडा के सेक्टर 97 में स्थित M3M जैकब एंड कंपनी एक खास ब्रांडेड रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट है। इसे M3M इंडिया और लग्जरी वॉच ब्रांड जैकब एंड कंपनी के सहयोग से विकसित किया जा रहा है। इसे भारत के पहले इस तरह के ब्रांडेड रेजिडेंस प्रोजेक्ट के रूप में पेश किया गया है। यह नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के पास स्थित है। यहां से कुछ अपार्टमेंट में यमुना नदी और आसपास के गोल्फ कोर्स का नजारा दिखाई देता है। इस प्रोजेक्ट में 3, 4 और 5 BHK के अपार्टमेंट उपलब्ध हैं। इस प्रोजेक्ट में फ्लैटों की कीमत करीब 7.5 करोड़ रुपये से शुरू होकर 23 करोड़ रुपये तक जाती है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article