शहर

Video: पटना में चलती थार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान; खाक हुई लाखों की गाड़ी

पटना के दानापुर स्थित सगुना मोड़ पर एक चलती थार गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। चालक ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, देखिए वीडियो।

Image

धू-धू कर जलती कार

Photo : Times Now Digital

Patna Thar Fire: पटना के दानापुर इलाके में एक ऐसी घटना हुई जो नई तो नहीं है, लेकिन ताज्जुब में जरूर डालती है। सगुना मोड़ जैसे व्यस्त इलाके में एक चलती थार गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला, हालांकि उसने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।

चलती थार में लगी आग

दानापुर थाना क्षेत्र के सगुना मोड़ के पास आज एक महिंद्रा थार गाड़ी में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी सड़क पर चल ही रही थी कि तभी उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धर लिया कि पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई।

चालक ने कूदकर बचाई जान

हादसे के वक्त गाड़ी में केवल चालक मौजूद था। जैसे ही उसे आग का अहसास हुआ, उसने बिना देर किए चलती गाड़ी से बाहर छलांग लगा दी। चालक की इस सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और उसकी जान बच गई। अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो नतीजा घातक भी हो सकता था।

आग लगते ही सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना नामुमकिन था। घटना की सूचना मिलते ही दानापुर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।

दमकल ने पाया काबू, पर खाक हुई गाड़ी

पुलिस की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक लाखों की कीमत वाली थार गाड़ी पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article