Patna News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज यानी सोमवार 15 दिसंबर को 1283 आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान एक महिला डॉक्टर नुसरत परवीन भी उनके पास नियुक्ति पत्र लेने पहुंची थी। मुख्यमंत्री ने पहले तो नुसरत परवीन को नियुक्ति पत्र सौंप दिया और फिर उन्हें देखने लगे।
डॉक्टर नुसरत भी मुख्यमंत्री को देखकर मुस्कुराई, इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके हिजाब की ओर इशारा करते हुए पूछा कि ये क्या है जी? महिला ने जवाब दिया हिजाब है सर! इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बोले, हटाइए इसे।
फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं ही हाथ आगे बढ़ाकर डॉक्टर नुसरत परवीन का हिजाब हटा दिया। सीएम के ऐसा करने पर डॉ. नुसरत परवीन कुछ देर के लिए असहज दिखीं। इस बीच आसपास मौजूद लोग हंसने लगे।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने महिला डॉक्टर को फिर से से नियुक्ति पत्र थमाया और इसके बाद जाने का इशारा किया। बता दें कि यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग में हुआ था।
इस वीडियो पर प्रमुख विपक्षी पार्टी RJD ने प्रश्न उठाए हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- 'यह क्या हो गया है नीतीश जी को। मानसिक स्थिति बिल्कुल ही अब दयनीय स्थिति में पहुंच चुकी है या नीतीश बाबू अब 100% संघी हो चुके हैं।'
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिन आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे उनमें 1283 आयुष डॉक्टरों में से 685 आयुर्वेदिक, 393 होमियोपैथिक और 205 यूनानी डॉक्टर शामिल हैं।
