शहर

Patna News: रुपयों के लेनदेन के विवाद में दो युवकों पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश, जांच में जुटी पुलिस

Patna News: पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र में कर्ज के रुपयों को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। चपेट में आने से दो लोग झुलसे, NMCH में भर्ती।

Image

कर्ज के विवाद जलाने की कोशिश

Patna News: बिहार की राजधानी पटना के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्व दरवाजा मोड़ पर शुक्रवार (25 सितंबर 2026) की रात कर्ज के पैसों को लेकर विवाद में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। उधारी के रुपये वापस मांगने को लेकर दो युवकों के बीच हुई बहस इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने दूसरे पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगाने का प्रयास किया। इस सनसनीखेज घटना में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उधारी मांगने आया था आरोपी, बहस के बाद पेट्रोल छिड़का

जानकारी के मुताबिक, कैमाशिकोह निवासी उपेंद्र ने 31 वर्षीय आशुतोष उर्फ आशू राज को कुछ रुपये कर्ज के रूप में दिए थे। शुक्रवार रात उपेंद्र अपनी बची हुई रकम मांगने के लिए आशुतोष के पास पहुंचा था। बातचीत के दौरान उधारी वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी। आरोप है कि आशुतोष द्वारा तुरंत रुपये देने में असमर्थता जताने पर उपेंद्र आपा खो बैठा। उसने अपने पास मौजूद पेट्रोल आशुतोष पर छिड़क दिया और आग लगा दी। आग की चपेट में आने से आशुतोष का शरीर बुरी तरह झुलस गया।

मंचूरियन खरीदने पहुंचे राहगीर भी आए चपेट में

इसी दौरान कैमाशिकोह मोड़ के पास मंचूरियन खरीदने पहुंचे 40 वर्षीय उदय राय भी छिड़के गए पेट्रोल की चपेट में आ गए और आग फैलने से वे भी झुलस गए। अचानक हुई इस घटना से पूर्व दरवाजा मोड़ पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया और दोनों घायलों को तुरंत गुरु गोविंद सिंह अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना अध्यक्ष राज किशोर प्रसाद और SDPO दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल जाकर पीड़ितों से घटना की पूरी जानकारी ली। थाना अध्यक्ष राज किशोर प्रसाद के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस घटना के पीछे कर्ज के लेन-देन सहित अन्य सभी बिंदुओं पर बारीकी से छानबीन कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम का सच सामने आ सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article