शहर

Patna Firing: अनिल यादव पर हमले के बाद तेजस्वी यादव का सम्राट चौधरी पर हमला, मेदांता पहुंचकर बोले- बिहार में जाति देखकर हो रही फायरिंग

Patna News: पटना के बुद्धा कॉलोनी में बुधवार शाम को जनसुराज नेता अनिल यादव को घर में घुसकर बदमाशों ने गोली मार दी। घायल नेता से मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में जाति देखकर राजनीति और हत्याएं हो रही हैं।

Image

अनिल यादव का हालचाल लेने पहुंचे तेजस्वी (चित्र साभार: X/@yadavtejashwi)

Patna News: बुधवार की शाम बिहार की राजधानी पटना के पॉश इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने जनसुराज पार्टी के नेता और पूर्व निगम पार्षद अनिल यादव को उनके घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियों से भून दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल यादव को इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर मिलते ही देर रात जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर अस्पताल पहुंचे और घायल नेता का हालचाल जाना। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव भी अनिल यादव से मिलने पहुंचे।

मेदांता अस्पताल पहुंचे तेजस्वी, सरकार पर बरसे

अस्पताल में अनिल यादव और उनके परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में आज एक जाति को देखकर गोलियां मारी जा रही हैं और टारगेट किया जा रहा है। आरोपियों को भी जाति देखकर बनाया जा रहा है। किसी भी अपराधी की कोई जाति नहीं होती, लेकिन जब से सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं, इसे जातीय रंग देने में लगे हैं और जाति-धर्म देखकर राजनीति कर रहे हैं। तेजस्वी ने राज्य की बदहाल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आगे कहा कि राजधानी पटना में घर में घुसकर गोलियां मारी जा रही हैं। जब पटना के लोग ही सुरक्षित नहीं हैं, तो सोचिए पटना से बाहर बिहार के अन्य जिलों में क्या हालत होगी? बिहार इस समय पूरी तरह भगवान भरोसे है। सरकार में बैठे लोगों को कानून-व्यवस्था की कोई चिंता नहीं है। बलात्कार हों, हत्याएं हों या गोलियां चलती रहें, इन्हें सिर्फ अपने वोट से मतलब है। आगे तेजस्वी ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा, सम्राट चौधरी अगर अपने वादों के पक्के होते तो अब तक इस्तीफा दे चुके होते।

बुद्धा कॉलोनी में हुई वारदात, बेसमेंट में थे अनिल यादव

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकारम इलाके में हुई।अनिल यादव अपने अपार्टमेंट के बेसमेंट में समर्थकों के साथ बैठे हुए थे। तभी बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश अपराधियों ने अचानक उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। शुरुआती जांच के मुताबिक, अनिल यादव को शरीर में कई गोलियां लगी हैं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। समाचार एजेंसी PTI भाषा से बातचीत में कानून-व्यवस्था के एसडीपीओ-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों की धरपकड़ के लिए तलाश अभियान जारी है।

जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बिहार सरकार और पुलिस-प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि थानों पर भू-माफियाओं और अपराधियों का कब्जा हो चुका है और बिहार में पूरी तरह से 'जंगलराज' कायम हो गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article