शहर

सस्ती ड्रेस की लालच में गंवा दिए 1 लाख रुपये, जानें कैसे ठगी का शिकार हुई मुंबई की नर्स

मुंबई की एक नर्स ऑनलाइन 299 रुपये की ड्रेस खरीदने के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हो गई। इस दौरान महिला 1 लाख रुपये गंवा बैठी। ठगों ने शिपिंग, ट्रैकिंग और वेरिफिकेशन के नाम पर उससे बार-बार पैसे लिए।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Mumbai Online Scam: सस्ती शॉपिंग का लालच कभी-कभी भारी पड़ सकता है। मुंबई में एक नर्स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जब उसने ऑनलाइन 299 रुपये की ड्रेस खरीदने की कोशिश की। लेकिन साइबर ठगी का शिकार होकर एक लाख रुपये गंवा दिए। ठगों ने अलग-अलग बहाने बनाकर पांच दिनों तक उससे लगातार रुपये ऐंठे। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

ऑनलाइन विज्ञापन देखकर ड्रेस की ऑर्डर

देवनार थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित महिला मुंबई के एक निजी हॉस्पिटल में काम करती है और एक हॉस्टल में रहती है। उसने पुलिस को बताया कि ऑनलाइन वेबसाइट पर 299 रुपये में ड्रेस का विज्ञापन देखकर उसने उसे खरीदने की कोशिश की। अधिकारी ने कहा कि शुरुआत में सिर्फ ड्रेस का भुगतान करने के लिए कहा गया लेकिन इसके बाद ठगों ने शिपिंग शुल्क, जीपीएस शुल्क, ट्रैकिंग फीस, सत्यापन कोड और पता पुष्टि जैसे बहाने बनाकर एक के बाद एक रुपये ऐंठने शुरू कर दिए।

भरोसा जीतकर बार-बार कराया पेमेंट

नर्स ने पुलिस को बताया कि 16 से 20 अप्रैल के बीच पांच दिन में उसने एक लाख रुपये का भुगतान किया और हर बार यह भरोसा दिलाया जाता रहा कि अधिकतर रकम वापस कर दी जाएगी और ऑर्डर जल्द पहुंच जाएगा। जब न तो रकम वापस मिली और न ही ड्रेस मिली, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने साइबर अपराध हेल्पलाइन पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने बताया कि देवनार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article