देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र स्थित बैरागीवाला इलाके में शनिवार को पानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है, ताकि किसी प्रकार की बड़ी घटना न हो। प्रशासन घटना से जुड़े सभी पहलुओं की सघनता से जांच कर रही है। आखिरकार मामूली विवाद ने हिंसक रूप क्यों लिया, इसका पता लगाया जा रहा है।
धारदार हथियारों और हथौड़ों से हमला
देहरादून के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) पंकज गैरोला ने बताया कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने धारदार हथियारों और हथौड़ों से हमला कर दिया। इस हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है।
इलाके में तनाव का माहौल कायम
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत में यह भी पढ़ें - सेना की वर्दी, फर्जी डॉक्यूमेंट, नकली पिस्टल और कमांडो, सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहा था बहरूपिया फर्जी ब्रिगेडियर
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से किसी प्रकार की अफवाह नहीं फैलाने के लिए कहा है, ताकि किसी बड़े विवाद से बचा जा सके।
