गुरुग्राम में ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। एक ओर जहां पहले चरण का निर्माण कार्य जारी है, वहीं अब दूसरे चरण की प्लानिंग भी शुरू कर दी गई हैं। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने इसके लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) से मदद मांगी है और सड़कों की पैमाइश कराने का अनुरोध किया है, ताकि आगे के काम में कोई रुकावट न आए।
तीन चरणों में पूरा होगा ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट
इस पूरे मेट्रो प्रोजेक्ट का निर्माण तीन फेज में पूरा किया जाना है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-9 तक मेट्रो लाइन तैयार की जा रही है। दूसरे चरण में यह लाइन सेक्टर-9 से बढ़ाकर डीएलएफ साइबर सिटी तक बनाई जाएगी। तीसरे चरण में सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो बनाया जाएगा। फिलहाल पहले फेज का काम शुरू हो चुका है और दूसरे चरण के लिए जीएमआरएल ने टेंडर डॉक्यूमेंट भी तैयार कर लिए हैं।
मेट्रो प्रोजेक्ट में अभी भी कई अड़चनें
इस मेट्रो प्रोजेक्ट के पहले फेज में अभी भी कई रुकावटें बनी हुई हैं। जिसके कारण हीरो होंडा चौक से बसई तक करीब 5 किलोमीटर के हिस्से में निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। यहां कुछ जमीन से जुड़े विवाद और अन्य समस्याएं बाधा बन रही हैं। बीकानेर मिष्ठान भंडार का मामला अभी कोर्ट में जारी है, जिसकी सुनवाई 18 मई को होगी। अभी तक हिमगिरी आश्रम की जमीन भी नहीं मिल पाई है और सेक्टर-10 में स्थित बिजली घर को भी शिफ्ट नहीं किया गया है।
संकरी सड़कों पर काम से पहने बनेगा ट्रैफिक प्लान
दूसरे चरण के तहत जिन सड़कों से मेट्रो लाइन गुजरनी है, उनकी चौड़ाई बहुत कम हैं। ऐसे में पहले सड़कों की पैमाइश की जाएगी और जहां पर अतिक्रमण या अवैध निर्माण हैं, उन्हें हटाया जाएगा। इसके साथ ही संकरी सड़कों पर ट्रैफिक संभालने के लिए डायवर्जन प्लान भी तैयार किया जाएगा, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो।
सुशील ऐमा मार्ग पर बनेगा नया बरसाती नाला
गुरुग्राम के सुशील ऐमा मार्ग पर मेट्रो निर्माण एक बड़ी चुनौती बन सकता है। यहां सड़क के एक ओर बरसाती नाला गुजर रह है, जिससे जगह और कम हो जाती है। इस समस्या को हल करने के लिए GMRL नया नाला बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इसके बनने के बाद ही यहां मेट्रो निर्माण शुरू हो पाएगा।
