Cab Driver Strick: ट्राइसिटी यानी चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में लोगों अगले सात दिन तक सफर के दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ओला, उबर और इनड्राइव जैसे ऐप आधारित कैब ड्राइवर आज से 16 जून तक हड़ताल पर रहने वाले हैं। इन कैब चालकों ने किराया दरों में बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर यह आंदोलन शुरू किया है। इसके तहत ड्राइवरों ने रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सवारी नहीं उठाने का फैसला किया है।
25 से 35 रुपये प्रति किलोमीटर किराया करने की मांग
ड्राइवरों का कहना है कि मौजूदा किराया दरें बढ़ती महंगाई, ईंधन की कीमतों और वाहन रखरखाव की लागत के मुकाबले काफी कम है। चंडीगढ़ प्रशासन ने साल 2025 में कैब का किराया 25 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया था। जिसके बाद कई बार पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी हो चुकी है। इसके बावजूद किराए में कोई संशोधन नहीं किया गया।
कई बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
कैब यूनियनों का दावा है कि CNG के दाम करीब 9 रुपये प्रति किलो तक बढ़ चुके हैं, जबकि वाहन रखरखाव और अन्य खर्चों में भी लगातार बढ़ोत्तरी हुआ है। ऐसे में मौजूदा दरों पर काम करने से ड्राइवरों को काफी नुकसान हो रहा है। ड्राइवरों की मांग है कि किराया 25 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया जाए। उनका कहना है कि इस संबंध में वे कई बार प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई फैसला नहीं लिया गया है।
50 हजार यात्री होंगे प्रभावित
कैब ड्राइवरों की इस हड़ताल का सबसे ज्यादा प्रभाव ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ने की संभावना है। इस आंदोलन से करीब 50 हजार लोग प्रभावित होने का अनुमान है। इस भीषण गर्मी के मौसम में लोगों को सरकारी बसों, ऑटो रिक्शा और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। इससे बस स्टैंड और प्रमुख सार्वजनिक परिवहन केंद्रों पर भीड़ बढ़ने की भी संभावना है। जिससे लोगों को यात्रा के दौरान परेशान हो सकती है।
