Nuh Accident News: हरियाणा के नूंह में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह भीषण हादसा हो गया। जहां पांच वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। जिसके बाद वाहनों में आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। बताया जा रहा है कि जिन वाहनों में टक्कर हुई, उनमें दो ट्रेलर, एक कंटेनर और दो ट्रक शामिल थे।
दो ट्रेलरों के अचानक ब्रेक लगाने से भिड़ी गाड़ियां
यह हादसा थाना मोहम्मदपुर अहिर क्षेत्र में गांव सहरस और गुढी के पास सुबह साढ़े आठ बजे के करीब हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार दो ट्रेलरों ने बीच रास्ते में अचानक ब्रेक लगा दी। जिसके कारण पीछे से आ रहा एक कंटेनर और दो ट्रकों की उनसे भीषण टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो ट्रेलरों में आग लग गई। आग की लपटें ट्रेलर के केबिन तक पहुंच गई। जिससे ड्राइवर समेत दो लोगों की जलकर मौत हो गई।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
पुलिस ने बताया कि दोनों ट्रेलर के चालक मौके से फरार है। उनकी तलाश की जा रही है। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से रास्ते से हटाया जा रहा है, ताकि यातायात बहाल किया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
