शहर

नोएडा में कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक पुलिस की तैयारियां शुरू, अगले महीने से लागू होंगे खास नियम

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीसीपी ट्रैफिक ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए। 4-5 अगस्त से बड़ी संख्या में कांवड़ियों के आने की संभावना है।

Image

कांवड़ यात्रा को लेकर नोएडा ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, तैयारियां शुरू (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रा के दौरान शहर से लाखों कांवड़ियों की आवाजाही होगी। जिसको ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना बनाई जा रही है। इस दौरान प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा।

4-5 अगस्त से बढ़ेगी कांवड़ियों की संख्या

शनिवार को डीसीपी ट्रैफिक अभय मिश्रा ने सभी ट्रैफिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिसमें दोनों एसीपी ट्रैफिक और सभी ट्रैफिक इंस्पेक्टर मौजूद रहे। डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पहले से सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए जाएं। डीसीपी ने बताया कि इस बार सावन का महीना 30 जुलाई से शुरू हो रहा है, जो 28 अगस्त तक जारी रहेगा। वहीं 11 अगस्त को शिवरात्रि भी है। ऐसे में अनुमान है कि 4 और 5 अगस्त से नोएडा में बड़ी संख्या में कांवड़िए आने शुरू हो जाएंगे।

इन रास्तों से गुजरेंगे कांवड़िए

हर साल बड़ी संख्या में कांवड़िए गाजियाबाद की ओर से नोएडा में प्रवेश करते हैं। यहां से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की ओर जाते हैं। नोएडा में अधिकांश कांवड़ियों का प्रमुख मार्ग चिल्ला बॉर्डर, ओखला पक्षी विहार, कालिंदी कुंज, सेक्टर-52 होशियारपुर, सेक्टर-37 और महामाया फ्लाईओवर रहेगा। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा और दादरी के कुछ रास्तों से भी बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजरेंगे।

यातायात व्यवस्था रहेगी मजबूत

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक जाम की स्थिति से बचने और आम लोगों के साथ ही कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर कुछ रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article