शहर

Noida Traffic Alert: नोएडा स्टेडियम में पांच मंडलों का महासम्मेलन आज, इन रास्तों पर जाने से बचें, पुलिस ने जारी की नई एडवाइजरी

Noida Traffic: नोएडा के सेक्टर 21ए स्टेडियम में आज आयोजित होने वाले गुर्जर कश्यप निषाद महासम्मेलन के लिए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। पांच मंडलों से आने वाली भीड़ को देखते हुए कई रास्ते बंद रहेंगे।

Image

आज रजनीगंधा से सेक्टर 12-22 तक बदला रहेगा रास्ता

Photo : Times Now Digital

Noida Traffic Diversion Today: नोएडा के सेक्टर-21ए स्थित स्टेडियम में आज, रविवार (5 अप्रैल) को आयोजित होने वाले 'गुर्जर कश्यप निषाद महासम्मेलन' के कारण शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। मेरठ, सहारनपुर, आगरा, मुरादाबाद और बरेली जैसे पांच मंडलों से भारी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान लागू किया है। डीसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए डायवर्जन मार्गों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क करें।

महासम्मेलन को लेकर शहर के मुख्य मार्गों पर डायवर्जन

नोएडा स्टेडियम और इसके आसपास के प्रमुख रास्तों पर सुबह से ही डायवर्जन प्रभावी रहेगा। रजनीगंधा चौक की ओर से सेक्टर 12-22 और 56 तिराहा की ओर जाने वाले वाहनों को अब सेक्टर 10-21 यू-टर्न से जलवायु विहार चौक और निठारी होकर सेक्टर 31-25 चौक की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह, सेक्टर 12-22 और 56 तिराहा से स्टेडियम चौक की ओर जाने वाला ट्रैफिक सेक्टर 57 चौराहा और गिझौड़ चौक से होकर गुजरेगा। जो वाहन मेट्रो अस्पताल चौक से एडोब या रिलायंस चौक की ओर जाना चाहते हैं, उन्हें सेक्टर 57 चौक की ओर डायवर्ट किया गया है ताकि स्टेडियम के पास भीड़ जमा न हो।

मंडलों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग रूट

आगरा मंडल से यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए आने वाले वाहनों के लिए खास व्यवस्था की गई है। ये वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से फिल्म सिटी फ्लाईओवर और सेक्टर 18 अंडरपास होकर एलिवेटेड मार्ग का उपयोग करेंगे। इसके बाद सेक्टर 31-25 के कट से उतरकर एनटीपीसी अंडरपास के पास निर्धारित पार्किंग में वाहन पार्क किए जा सकेंगे। मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और बरेली से एनएच-9 के रास्ते आने वाले वाहनों को सेक्टर 62 मॉडल टाउन गोलचक्कर से सेक्टर 60 अंडरपास और फिर एलिवेटेड मार्ग के जरिए एनटीपीसी कट की ओर भेजा जाएगा। दिल्ली से आने वाले वाहन डीएनडी या चिल्ला बॉर्डर से होकर इसी तरह एलिवेटेड मार्ग का सहारा लेकर पार्किंग स्थल तक पहुंच सकेंगे।

स्टेडियम में प्रवेश और पार्किंग के विशेष इंतजाम

नोएडा स्टेडियम में प्रवेश के लिए अलग-अलग द्वारों का निर्धारण किया गया है। विशिष्ट महानुभावों के वाहन गेट नंबर-3 से प्रवेश कर इंडोर स्टेडियम की अंडरग्राउंड पार्किंग में खड़े होंगे। सामान्य हल्के वाहनों के लिए गेट नंबर-6 से रामलीला मैदान में पार्किंग की व्यवस्था है, जबकि मीडिया कर्मियों के वाहन गेट नंबर-7 से प्रवेश करेंगे। एलिवेटेड मार्ग से आने वाली बसों को एडोब बिल्डिंग और मोदी मॉल के बीच खाली मैदान में खड़ा किया जाएगा। सम्मेलन में आने वाले कार्यकर्ता पार्किंग स्थलों से पैदल चलकर स्टेडियम के गेट नंबर-4 और 5 से कार्यक्रम स्थल के अंदर प्रवेश कर सकेंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article