Noida News: नोएडा में पुलिस ने पार्कों में बैठे कपल की फोटो खींचकर उन्हें डरा-धमकाकर वसूली करने वाले गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 12 चोरी और छीने हुए मोबाइल भी मिले हैं। इसके अलावा एक अर्टिगा कार, एक अवैध तमंचा और दो चाकू भी बरामद किए गए हैं। थाना सेक्टर 58 पुलिस ने सेक्टर-62 छोटा डी पार्क से तीनों आरोपियों को पकड़ा है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पार्क में बैठे कपल को बनाते थे शिकार
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों की पहचान रितेश, गजेंद्र सोलंकी और पवन उर्फ गुंडी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अर्टिगा कार में सवार होकर नोएडा और आसपास के इलाकों में पार्कों में घूमते थे। वहां बैठे नए कपल की फोटो खींचकर उन्हें बदनाम करने की धमकी देते थे। जिसके बाद उन्हें डराकर मोबाइल फोन और नकदी वसूलते थे। आरोपी रात में सड़क पर अकेले चलने वालों को भी निशाना बनाते थे और उनसे मोबाइल व पैसे लूटते थे।
छीने मोबाइल दिल्ली में बेचते थे आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी छीने गए सभी मोबाइल फोन को दिल्ली में बेच देते थे। जिससे मिले पैसों को वे आपस में बांट लेते थे। आरोपी गजेंद्र के पास से बरामद एक मोबाइल फोन 20 दिसंबर 2025 की रात सेक्टर-62 नोएडा के पास जोमैटो के एक डिलीवरी बॉय से छीना गया था, जिसको लेकर पहले से ही थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
