Noida News: बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के बंबावड़ गांव में स्थित एक स्कूल में पीट-पीटकर एक छात्र की जान लेने वाले दरिंदे शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से बचने लिए आरोपी शिक्षक शोभरण अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां छिपता फिर रहा था। पुलिस ने आरोपी को उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया। पुलिस अब शिक्षक से पूछताछ कर रही है। एसीपी बिसरख अरविंद कुमार ने इस गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी शिक्षक को नोएडा से उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। मृतक छात्र की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोएडा पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया था और बुधवार को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में स्वतंत्र गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अन्य धाराएं जोड़ी जाएंगी।
फेल होने पर सिर पर किया था डंडे से वार
बता दें कि बंबावड़ गांव के रहने वाले मांगेराम का 12 वर्षीय बेटा प्रिंस गांव में स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा पांचवीं का छात्र था। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसका बेटा प्रिंस स्कूल की आंतरिक परीक्षा में फेल हो गया था। इसपर क्लास टीचर शोभरण ने फेल होने वाले सभी छात्रों को बीते शुक्रवार को डंडे से पीटा था। छात्र के परिजनों का आरोप है कि पिटाई के दौरान प्रिंस ने बचने के लिए अपना हाथ सिर पर रखने की कोशिश की, तो शिक्षक ने उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। जिससे प्रिंस वहीं पर बेहोश होकर गिर पड़ा। छात्र को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर रविवार को उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार छात्र के सिर की तीन नसें फट गई थीं, जिससे उसकी मौत हो गई।
