नोएडा

दशहरा के लिए नोएडा पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, कई रास्ते रहेंगे बंद, अपनाएं ये वैकल्पिक मार्ग

नोएडा में दशहरा और रावण दहन को देखते हुए 1-2 अक्टूबर को बड़े पैमाने पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। स्टेडियम सेक्टर-21ए, सेक्टर-62 और महर्षि आश्रम इलाके के आसपास कई रास्ते बंद रहेंगे। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और हेल्पलाइन 9971009001 पर जरूरत पड़ने पर संपर्क करने की अपील की है।

Image

दशहरा को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी। प्रतीकात्मक फोटो- PTI

Noida Traffic Advisory: नोएडा में दशहरा पर्व और रामलीला आयोजनों को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था बदल दी है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक 1 अक्टूबर दोपहर 2 बजे से लेकर 2 अक्टूबर को रावण दहन कार्यक्रम समाप्त होने तक कई मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में लोगों को अलर्ट रहना होगा और समय रहते वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा।

सबसे ज्यादा असर नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए, सेक्टर-62 रामलीला मैदान और महर्षि आश्रम इलाके में देखने को मिलेगा। पुलिस ने साफ किया है कि मेडिकल और फायर सर्विस वाहनों पर इन पाबंदियों का असर नहीं होगा।

स्टेडियम क्षेत्र में बदलाव

स्टेडियम चौक, मोदी मॉल चौक, रिलायंस चौक और आस-पास के सेक्टरों से जुड़ने वाले मार्गों पर यातायात रोक दिया जाएगा। वाहनों को निठारी, गिझौड़, एनटीपीसी और सेक्टर-57 के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। स्टेडियम पहुंचने वालों के लिए पार्किंग की अलग व्यवस्था की गई है – वीआईपी वाहनों के लिए गेट नंबर 7, पासधारकों के लिए गेट नंबर 3, जबकि आम लोगों के लिए एडोब कंपनी के पास खाली मैदान में पार्किंग की सुविधा मिलेगी।

सेक्टर-62 और महर्षि आश्रम क्षेत्र

रामलीला मैदान सेक्टर-62 के आसपास भी जरूरत पड़ने पर डायवर्जन लागू रहेगा। यहां वैल्यू बाजार, फोर्टिस और सीडेक कंपनी की ओर जाने वाले मार्गों पर पाबंदी लग सकती है। वहीं महर्षि आश्रम भंगेल इलाके में लोटस ब्लू वर्ल्ड रेड लाइट और सेक्टर-110 की ओर जाने वाले रास्तों पर यातायात रोकने की तैयारी की गई है।

पुलिस की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि लोग बिना जरूरत आयोजन स्थल के आसपास की सड़कों पर न जाएं। किसी भी असुविधा पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही, डायवर्जन के दौरान मार्गों पर खड़े वाहनों को हटाने के लिए क्रेन भी तैनात रहेंगी।

यानी अगर आप इन इलाकों से होकर गुजरने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें और वैकल्पिक रास्ते चुनें, वरना लंबा जाम झेलना पड़ सकता है।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article