नोएडा

Noida Police Action: नोएडा से किडनैप तीन लड़कियों को पुलिस ने बचाया, गुजरात के गोधरा में पूरा हुआ ऑपरेशन

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 3, 2022, 07:49 PM IST

Noida Crime: नोएडा में तीन दिन पहले 3 लड़कियों को किडनैप कर लिया गया था। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने टीम बनाकर खोज शुरू की। पुलिस को सर्विलांस के जरिए मदद मिली। पुलिस ने आरपीएफ गोधरा के सहयोग से तीनों लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया है।

Image

अपहरण कर गुजरात ले जाई गईं तीन लड़कियों को नोएडा पुलिस ने छुड़ाया

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • तीन दिन पहले हुआ था लड़कियों का अपहरण
  • इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए मिली लोकेशन
  • गोधरा आरपीएफ के सहयोग से नोएडा पुलिस को मिली सफलता

Noida News: नोएडा से तीन दिन पूर्व गायब हुई तीन नाबालिग लड़कियों को गुजरात के गोधरा स्टेशन से नोएडा पुलिस ने बरामद किया है। इसके लिए नोएडा पुलिस की तीन टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए किडनैपर की लोकेशन ली। पहले टीम मुबंई गई थी, इसके बाद वहां से दो टीम सड़क और रेल मार्ग के जरिए गोधरा गई। इस पूरे ऑपरेशन में गोधरा आरपीएफ की सहायता ली गई। इस तरह करीब 2 हजार किमी की दूरी पर सर्विलांस के जरिए मिली मदद से ऑपरेशन को पूरा किया गया।

बता दें कि एडीसीपी साद मिया खान ने बताया है कि 30 दिसंबर 2022 को थाना सेक्टर-63 नोएडा को मामले में सूचना मिली थी। सूचना ये थी कि एक महिला रानी सिंह पीड़ित की दो बेटियों (उम्र करीब 17 साल व उम्र करीब 15 साल) सहित 03 लड़कियों को बहला फुंसलाकर अपने साथ लेकर गायब हो गई है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज से भी मिली मदद

मिली जानकारी के अनुसार, नोएडा पुलिस ने 03 टीमों का गठन किया था। अपहृत तीनों लड़कियों की तलाश के लिए प्रभारी निरीक्षक थाना सेक्टर-63, नोएडा को निर्देश जारी किया गया। इसी क्रम में गठित टीमों ने नोएडा में सीसीटीवी फुटेज को चेक करना शुरू किया था। इस दौरान एक महिला तीनों लड़कियों को साथ में ले जाते हुए दिखाई दी। जिस पर आस-पास के सभी रेलवे स्टेशन नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन व बस स्टैण्ड एवं अन्य संभावित जगहों पर चेकिंग की गई। लेकिन यहां से लड़कियों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

पहले मुंबई मिली थी लोकेशन

बता दें कि पुलिस ने रानी सिंह नाम की महिला का मोबाइल सर्विलांस पर लगाकर ट्रेस करना शुरू किया। मोबाइल फोन बंद पाया गया। इसी क्रम में बार-बार लोकेशन लेने पर पता चला कि लोकेशन मुंबई से आ रही है। एडीसीपी साद मिया खान के अनुसार, रानी सिंह के मोबाइल से ही छिपकर उनमें से एक लड़की ने बात की और अपनी मम्मी को मुंबई में होना बताया था। नोएडा पुलिस की एक टीम मुबंई पहुंच गई और एक टैंपो चालक से मिली। उसने बताया था कि वो तीनों को बांद्रा रेलवे स्टेशन पर छोड़कर वापस आ गया था। बांद्रा से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को सर्च करना शुरू किया गया। पता चला कि समय नौ बजकर 20 मिनट पर एक ट्रेन बांद्रा से दिल्ली के लिए थी, पुलिस ने उम्मीद जताकर महिला रानी सिंह जिस ट्रेन में बैठ सकती थी उसकी जानकारी ली। लेकिन रानी और तीनों लड़कियां उसमें भी नहीं मिलीं।

पुलिस ने ऐसे किया लड़कियों को रेस्क्यू

जानकारी के लिए बता दें कि पुलिस ने फिर से रानी सिंह के मोबाइल फोन का लोकेशन ढूंढ निकाला। लोकेशन गोधरा स्टेशन से पीछे का था। इसके बाद नोएडा पुलिस की टीमों में से एक पुलिस टीम ट्रेन के रास्ते तथा दूसरी पुलिस टीम सड़क के रास्ते गुजरात के लिए चलते रहे। गोधरा आरपीएफ थाना प्रभारी को मामले की जानकारी दी गई। उनकी ओर से रेलवे स्टेशन गोधरा पर टीटी से संपर्क किया गया। टीटी ने जानकारी दी कि एक महिला के साथ तीन लड़कियां गार्ड के डब्बे के पास जनरल बोगी में बैठी हुई हैं। जिन्हें आरपीएफ ने उतारकर थाने पर बैठाकर पुलिस टीम को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम गोधरा रेलवे स्टेशन पर लड़कियों के परिजनों को लेकर मौके पर पहुंच गई। अपहृत 03 नाबालिग लडकियों को सकुशल बचा लिया गया। किडनैपर रानी सिंह के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article