नोएडा

Noida पुलिस को बड़ी सफलता: अवैध हथियार बेचने वाले 5 बदमाश गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

Noida News: नोएडा पुलिस ने नोएडा में अवैध हथियार बेचने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इतना ही नहीं उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान उस स्थान का नाम भी बताया जहां से वह हथियार खरीदकर नोएडा में बेचते थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Noida Police

अवैध हथियार बेचने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

Noida News: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यहां अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले पांच बदमाशों को पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया। दनकौर थाना पुलिस टीम के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास से उन्होंने तीन पिस्टल, तीन तमंचे, 50 हजार रुपये और दो कार बरामद की। अधिकारी ने बताया कि पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उस स्थान के बारे में भी बताया है, जहां से वह अवैध हथियार खरीदते थे और नोएडा लाकर बेचा करते थे। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

सूचना के आधार पर की बड़ी कार्रवाई

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि काले रंग की एक स्कॉर्पियो कार व नीले रंग की एक बलेनो कार में सवार कुछ लोग अवैध हथियार बेचने के लिए ग्रेटर नोएडा आए हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहनों की जांच शुरू की और बुढ़िया गोल चक्कर के पास स्कॉर्पियो और बलेनो कार को रोक लिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार में सवार आरोपियों की पहचान गजेंद्र उर्फ गज्जू (दादरी), सुमित कुमार उर्फ गुंडा (कासना), सागर भाटी (ग्रेटर नोएडा), हर्ष सिंघल (दनकौर) और निखिल भाटी (बीटा- 2) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने कार सवार सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।

नोएडा में बेचने के लिए कहां से खरीदते थे हथियार?

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास से तीन पिस्टल 32 बोर, 160 कारतूस, तीन तमंचे 315 बोर, छह कारतूस और 50 हजार रुपये बरामद किये गये है। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने खुलासा किया कि वे लोग काफी दिनों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है। आरोपियों ने यह भी बताया कि वह लोग हथियार व कारतूस मथुरा के जय गुरुदेव मंदिर के पीछे रहने वाले बंटू नाम के व्यक्ति से खरीदते थे और इन्हें बेचकर जो रकम कमाते थे उससे मौज मस्ती करते थे। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

(इनपुट - भाषा)

लेटेस्ट न्यूज

varsha kushwaha
varsha kushwaha Author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग... और देखें

End of Article