नोएडा

Noida: पुलिस-लुटेरे की मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में बदमाश को लगी गोली, कई मामलों का खुलासा

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 29, 2022, 08:16 PM IST

Noida: नोएडा की कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस टीम ने सेक्टर-62 में मुठभेड़ के बाद एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके दो साथियों को शनिवार को हुए मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया था, उस समय यह फरार हो गया था। इस आरोपी के पास से पुलिस ने अवैध हथियार के अलावा चोरी और लूट के कई समान बरामद किए है।

Image

मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को ले जाती पुलिस

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • सेक्टर-62 में हुई मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुआ आरोपी
  • आरोपी पर दर्ज हैं लूट, स्‍नेचिंग और चोरी के कई मामले
  • आरोपी के दो साथियों को पुलिस पहले ही कर चुकी गिरफ्तार

Noida: नोएडा में एक बार फिर से पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। यह मुठभेड़ कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस टीम के साथ देर शाम सेक्टर-62 में हुई। पुलिस से घिरता देख बदमाश ने फायर कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। गोली लगते ही बदमाश हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए आगे से किसी भी तरह का अपराध न करने की कसम खाने लगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे इलाज के लिए अस्‍पताल पहुंचाया। मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान खोड़ा निवासी अंकित तिवारी के तौर पर हुई है। इस आरोपी के पास से लूट के चार लैपटॉप, एक बाइक व तमंचा बरामद किया गया है।

इस एनकाउंटर की जानकारी देते हुए नोएडा जोन के एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि, कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस को सूचना मिली थी कि, सेक्टर-62 में एक बदमाश आने वाला है। यह आरोपी कई मामलों में वांछित था। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। छोटे पार्क के पास तैनात टीम को बाइक सवार एक संदिग्ध युवक आता दिखा। पुलिस टीम ने जब रूकने का इशारा किया तो बदमाश भागने लगा। पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो बदमाश ने फायर कर दिया। पुलिस ने जब जवाबी फायर किया तो गोली भाग रहे बदमाश के पैर में लगी। जिसके बाद टीम ने आरोपी को दबोच लिया।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमें

एडीसपी ने बताया कि, इस आरोपी के दो साथियों नफीस व अर्जुन को शनिवार को हुए मुठभेड़ के बाद पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उस समय यह आरोपी पुलिस से बचकर भागने में सफल रहा था। पुलिस तभी से इस आरोपी की तलाश कर रही थी। नोएडा के एडिशनल डीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि, गिरफ्तार किया गया आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर नोएडा व आसपास के क्षेत्र में चेन स्नेचिंग, लूटपाट और गाड़ियों के शीशे तोड़कर लैपटॉप व अन्‍य कीमती समान चोरी करने की वारदात को अंजाम देता था। इस आरोपी पर पहले से ही कई मामले दर्ज है। आरोपी से पूछताछ में पुलिस को कई मामलों की जानकारी मिली है। अब पुलिस टीम इस बदमाश का पूरा आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article