नोएडा

Noida Airport : 15 दिसंबर तक शुरू हो सकता है नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर से उड़ान भरने की कर लें तैयारी

Noida Airport Opening Date: जेवर में निर्माणाधीन नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का शेष कार्य में तेजी लाने की कवायद तेज है। 15 दिसंबर तक परिचालन शुरू होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

Image

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Noida Airport Opening Date: जेवर स्थित निर्माणाधीन नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और विभागीय समन्वय को समय से पूरा करने के निर्देश दिये। कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर समय से कार्य पूरा हो जाता है तो 15 दिसंबर को एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू हो जाएंगी। एनआईएएल अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा संबंधी सभी लंबित कार्य तुरंत पूरे किए जाने है, ताकि प्रस्तावित उद्घाटन 15 दिसंबर से पहले हो सके। डीजीसीए ने कहा है कि यदि सुरक्षा संबंधी लंबित कार्य 2 दिसंबर तक पूरा हो जाता है तो वे 24 घंटे के भीतर हवाई अड्डे का लाइसेंस जारी कर देंगे, जिससे परिचालन शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने टर्मिनल, उद्घाटन समारोह स्थल, सुरक्षा प्रबंधन और यातायात व्यवस्था समेत विभिन्न निर्माण गतिविधियों की वास्तविक प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश के विकास और वैश्विक निवेश की नई पहचान बनने जा रहा है इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और विभागीय समन्वय सर्वोच्च प्राथमिकता पर होना चाहिए।

बयान के अनुसार इस दौरान अधिकारियों ने आदित्यनाथ को बताया कि इस हवाई अड्डे को अभी तक 'एयरोड्रम लाइसेंस' प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी और केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर सभी सुरक्षा मानकों को तत्काल पूरा किया जाए। साथ ही जल्द से जल्द सुरक्षा सम्बन्धी स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एयरपोर्ट प्रदेश की महत्वाकांक्षी परियोजना है, इसलिए जहां भी सुरक्षा या अन्य कार्य शेष हैं, उन्हें तेज गति और सर्वोत्तम गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

प्रतिवर्ष 30 करोड़ यात्री भरेंगे उड़ान

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा की वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 1.2 करोड़ होगी। पूरी क्षमता पर विकसित होने पर इस हवाई अड्डे में कुल पांच रनवे होंगे। इसका विस्तार 11,750 एकड़ तक होगा और यह प्रतिवर्ष 30 करोड़ यात्रियों को सेवा देने में सक्षम होगा, जिससे यह विश्व के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल हो जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article