Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना फेज-2 क्षेत्र में स्थित याकूबपुर गांव से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका की गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस की टीम ने मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही हत्या के पीछे की वजह की भी जांच की जा रही है।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
पुलिस को मृतक युवती की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम कृष्णा बताया गया है। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात को आरोपी कृष्णा सोनू के कमरे में जबरन घुसा और उसे गोली मारकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल सोनू को अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्यों प्रेमी ने प्रेमिका को उतारा मौत के घाट?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका सोनू और आरोपी कृष्णा पहले एक ही जगह काम करते थे, जिसके दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुए। पिछले कुछ महीनों से, आरोपी कृष्णा लगातार सोनू पर शादी करने का दबाव बना रहा था। हालांकि, सोनू इस रिश्ते को आगे बढ़ाने या शादी करने के लिए तैयार नहीं थी। पुलिस का मानना है कि शादी से इनकार किए जाने से कृष्णा बेहद निराश और हताश हो गया और इसी बात से क्रोधित होकर उसने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना के तुरंत बाद, पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हत्याकांड से जुड़े सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को एकत्र किया है।
आरोपी की तलाश जारी
थाना फेज-2 पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी कृष्णा की तत्काल गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति अवस्थी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। डीसीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि वारदात के बाद फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
