Noida Fire: यूपी के नोएडा सेक्टर-3 स्थित सी-14 में एक फैक्ट्री (Factory) में शुक्रवार को आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण फैक्ट्री में आग लगी। फैक्ट्री में काम कर रहे लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग कथित तौर पर दोपहर करीब 3 बजे लगी और दमकल विभाग दोपहर करीब 3.25 बजे घटनास्थल पर पहुंचा।
नोएडा के सेक्टर-3 स्थित फैक्ट्री में लगी आग
आग से पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। आग लगने के बाद से लोगों में दहशत फैल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का पता नहीं चल पाया है। फैक्ट्री प्रबंधन को आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होने का संदेह है, लेकिन अभी आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं
घटना के तुरंत बाद आसपास की कंपनियों को खाली करा लिया गया। आग लगने के बाद आसपास के दफ्तरों में बड़ी संख्या में काम कर रहे लोग तेजी से भागे। फिलहाल इस हादसे में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर सेक्टर 3 के सी14 स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में आग लग गई। आग बुझाने का काम अभी भी जारी है और सभी उच्चाधिकारियों सहित सभी उच्च अधिकारी और दमकल कर्मी मौके पर मौजूद हैं।
