Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। तेज रफ्तार जगुआर गाड़ी ने एक 14 वर्षीय छात्र को जोरदार टक्कर मार दी जिसमें छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल छात्र के पिता ने थाना बिसरख पुलिस स्टेशन में शिकायत की है। मामला स्टेलर जीवन सोसाइटी के पास का है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्टेलर जीवन सोसाइटी के पास सर्विस रोड पर दौड़ रहे 14 वर्षीय नीरज को तेज रफ्तार जगुआर ने गुरुवार सुबह करीब छह बजे जोरदार टक्कर मार दी और फिर चालक मौके से फरार हो गया। छात्र को सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
छात्र की हालत गंभीर
पुलिस ने बताया कि छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल छात्र के पिता ने बिसरख थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा सुबह रनिंग के लिए निकला था, तभी तेज रफ्तार जगुआर कार ने पीछे से आकर उसे टक्कर मार दी। उनका बेटा अस्पताल में भर्ती है उसको गंभीर चोट आई है।
वहीं पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे स्टेलर जीवन सोसायटी के पास एक 14 वर्षीय लड़के को वाहन संख्या UP16CH 9861 के चालक ने टक्कर मार दी। लड़के को गंभीर चोटें आईं और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी चालक और वाहन को हिरासत में लेकर गाड़ी को सीज कर दिया गया है। मामले में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
