Noida Airport Starts: उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क को सोमवार को एक और बड़ी वैश्विक उपलब्धि मिल गई है। प्रदेश की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से आज (15 जून) को कमर्शियल उड़ान सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में देश की दिग्गज विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) पहली लॉन्च कैरियर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही है। पहले दिन जेवर एयरपोर्ट पर कुल 8 विमानों की आवाजाही (आगमन और प्रस्थान) तय की गई है। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन और जिला प्रशासन ने भव्य तैयारियां की हैं।
पहली फ्लाइट: लखनऊ से नोएडा और फिर बेंगलुरु की उड़ान
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजारापु ने आज जेवर, गौतम बुद्ध नगर में स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। तय कार्यक्रम के मुताबिक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इतिहास की पहली उद्घाटन उड़ान (फ्लाइट संख्या 6E-2278) सोमवार सुबह 7:05 बजे राजधानी लखनऊ से रवाना होकर ठीक 1 घंटे बाद सुबह 8:05 बजे जेवर की धरती पर लैंड हुई।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आज ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब लखनऊ से आई पहली कमर्शियल उड़ान पहुंची। यात्रियों ने खुशी जताई और उनका स्वागत वॉटर कैनन सलामी तथा गुलाब के फूल देकर किया गया। इस खास मौके पर अभिनेत्री गुल पनाग भी लखनऊ से यात्रा कर नोएडा पहुंचीं। वहीं, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह 170 किसानों के साथ लखनऊ के लिए रवाना हुए। एयरपोर्ट पर लखनऊ और बेंगलुरु से उड़ानें पहुंचीं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल रहा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- जहां कभी करते थे खेती, अब वहीं से कल पहली बार उड़ान भरेंगे जेवर के 170 किसान

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह 170 किसानों के साथ लखनऊ के लिए रवाना हुए
आज क्या रहेगा उड़ानों का शेड्यूल
आज की उड़ान के शेड्यूल के अनुसार लखनऊ से नोएडा के लिए फ्लाइट नंबर 6E 2278 सुबह 07:05 बजे उड़ान भरी और 08:05 बजे नोएडा पहुंची। इसके बाद इसी विमान नोएडा से बेंगलुरु के लिए 08:35 बजे उड़ान भरी, जो 11:05 बजे वहां पहुंचेगा। वापसी में बेंगलुरु से नोएडा के लिए फ्लाइट नंबर 6E 2279 दोपहर 03:45 बजे रवाना होगी और 06:20 बजे नोएडा पहुंचेगी। इसके बाद नोएडा से लखनऊ के लिए यह विमान शाम 06:55 बजे उड़ान भरेगा और 08:00 बजे लखनऊ पहुंचेगा। इसके अलावा, आज से हैदराबाद और अमृतसर के लिए भी नियमित उड़ानें शुरू हो रही हैं। हैदराबाद की फ्लाइट सुबह 08:35 बजे लैंड करेगी, जबकि अमृतसर के लिए विमान सुबह 10:10 बजे उड़ान भरेगा।
16 जून से बेंगलुरु, जम्मू और नवी मुंबई के लिए भी उड़ानें
नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानों का ग्राफ मंगलवार से और बड़ा होने जा रहा है। 16 जून से इंडिगो कंपनी बेंगलुरु और जम्मू के लिए अपनी नियमित दैनिक उड़ानें शुरू कर देगी। इसी के साथ एक और बड़ी एयरलाइन कंपनी अकासा एयर (Akasa Air) भी 16 जून से जेवर से अपनी सेवाएं शुरू कर रही है। अकासा एयर की नवी मुंबई के लिए उड़ान सुबह 10:15 बजे और बेंगलुरु के लिए शाम 7:55 बजे रवाना होगी। आने वाले दिनों में जेवर से बरेली, श्रीनगर, जयपुर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, चंडीगढ़, किशनगढ़ और देहरादून जैसे शहरों के लिए भी उड़ानें शुरू करने की तैयारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
