शहर

नोएडा इंजीनियर युवराज मेहता की मौत मामले में एक और मुकदमा दर्ज, 5 लोगों के खिलाफ नामजद FIR

Noida Engineer Death Case: ग्रेटर नोएडा के एक इंजीनियर युवराज मेहता की मौत मामले में दोनों बिल्डर्स के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में दूसरी एफआईआर दर्ज की गई है।

Noida Engineer Death Case

नॉलेज पार्क थाने में दूसरी एफआईआर दर्ज (फाइल फोटो: canva)

ग्रेटर नोएडा के इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है, 5 लोगों के खिलाफ नामजदएफआईआर हुई है। इस मामले में एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन एक्ट, वॉटर पॉल्यूशन एक्ट और इंडियन पीनल कोड की कई धाराओं के तहत एक और FIR दर्ज की गई है। इस मामले में अभय कुमार, संजय कुमार, मनीष कुमार, अचल बोहरा और निर्मल कुमार समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है। लोटस ग्रीन कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड और विश टाउन के भागीदारों के खिलाफ केस हुआ।

नोएडा के सेक्टर-150 में 16 जनवरी को हुई घटना में 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत हो गई थी। अब मामले में बिल्डर अभय कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वे नॉलेज पार्क इलाके में स्थित रियल एस्टेट प्रोजेक्ट MZ विस्टाउन के मालिक हैं। यह गिरफ्तारी इंजीनियर की मौत से जुड़े मामले में चल रही जांच के तहत हुई है।

इंजीनियर की मौत के मामले में बिल्डर अभय कुमार को गिरफ्तार किया

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने मंगलवार को नोएडा के एक इंजीनियर की मौत के मामले में बिल्डर अभय कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी का नाम केस में शामिल था। कुमार को नॉलेज पार्क पुलिस स्टेशन की टीम ने हिरासत में लिया है। अभय कुमार नॉलेज पार्क इलाके में स्थित एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट MZ विस्टाउन के मालिक हैं। यह गिरफ्तारी इंजीनियर की मौत से जुड़े मामले में चल रही जांच के तहत हुई है।

उच्चस्तरीय समिति ने जांच शुरू की

उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत के मामले की जांच के लिए गठित की गयी तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम ने मंगलवार से अपनी जांच शुरू कर दी। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) भानु भास्कर के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने मामले की जांच शुरू की है। एडीजी भानु भास्कर, मेरठ के मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता अजय वर्मा दोपहर करीब 12 बजे सबसे पहले नोएडा विकास प्राधिकरण के दफ्तर पहुंचे, यहां से मामले की जांच शुरू की। जांच समिति के सदस्यों ने मृतक के परिजनों से भी मुलाकात की।

सीएम योगी ने दिए आदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना की जांच रिपोर्ट पांच दिन के अंदर तलब की है। इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एक तीन सदस्यीय विशेष जांच दल गठित किया है। उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार को नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम को उनके पद से हटाकर उन्हें प्रतीक्षारत कर दिया था, अभी तक नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर किसी की नियुक्ति नहीं हुई है।

मौके पर मौजूद ज़्यादातर लोग 'बस देख रहे थे और वीडियो बना रहे थे'

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 150 में पानी से भरे गड्ढे में कार गिरने से जान गंवाने वाले 27 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता के पिता ने आरोप लगाया है कि उनका बेटा करीब दो घंटे तक ज़िंदा रहा और मदद के लिए चिल्लाता रहा, जबकि मौके पर मौजूद ज़्यादातर लोग 'बस देख रहे थे और वीडियो बना रहे थे' उन दर्दनाक पलों को याद करते हुए राजकुमार मेहता ने बताया कि उनके बेटे ने गड्ढे के अंदर से उन्हें बार-बार फोन किया और मदद की गुहार लगाई।

मेहता के मुताबिक, हादसा आधी रात के करीब हुआ। उन्होंने बताया, 'यह घटना रात करीब 12 बजे हुई, और करीब 2.30 बजे मेरे बेटे की तरफ से सिग्नल आना बंद हो गया।' उन्होंने आगे कहा कि उनके बेटे ने करीब दो घंटे तक ज़िंदगी के लिए संघर्ष किया। 'मेरे बेटे ने अपनी जान बचाने के लिए 2 घंटे तक संघर्ष किया। अगर उसे थोड़ी भी मदद मिल जाती, तो शायद वह बच जाता।'

वह बार-बार 'पापा बचाओ, पापा बचाओ' कह रहा था

उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया, 'मेरा बेटा खुद को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा था। जब भी हम फोन पर बात करते थे, वह बार-बार 'पापा बचाओ, पापा बचाओ' कह रहा था। वह 'हेल्प, हेल्प' चिल्ला भी रहा था ताकि आम लोग उसकी मदद की गुहार सुन सकें, लेकिन ज़्यादातर भीड़ बस देख रही थी। कुछ लोग वीडियो बना रहे थे।'

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

रवि वैश्य
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article