Noida Fire News: नोएडा में देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक चलती कैब अचानक आग की चपेट में आ गई। हालांकि कैब ड्राइवर ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में कोई जनहानि की सूचना नहीं है। लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार धूं-धूंकर जलती हुई नजर आ रही है। हालांकि अभी तक आग लगने की वजह सामने नहीं आई है।
यह घटना सेक्टर-97 के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कैब सड़क पर चल रही थी, तभी उसमें अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों से घिर गई। इसी दौरान कैब के अंदर तेज धमाका हुआ, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया।
समय रहते बाहर निकला ड्राइवर
गाड़ी में आग लगते ही कैब चालक ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते वाहन से बाहर निकल गया। इससे उसकी जान बच गई। अगर ड्राइवर समय पर कैब से बाहर नहीं निकलता तो हादसा और गंभीर हो सकता था। कैब को आग की चपेट में देखकर आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पहुंची फायर टीम
घटना की जानकारी मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, आग इतनी तेज थी कि कैब को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
आग लगने की वजह अभी साफ नहीं
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, कैब में आग किस वजह से लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण की संभावना को लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
