शहर

Noida News: भंगेल मार्केट जाने वालों को बड़ी राहत, एक हफ्ते में खुलेगी स्लिप रोड

नोएडा के भंगेल बाजार की स्लिप रोड एक सप्ताह में फिर से खोल दी जाएगी। इसे ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए बंद किया गया था। लेकिन इस फैसले के बाद मार्केट एरिया तक पहुंचने के लिए 4-5 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा था।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Noida News: नोएडा के भंगेल मार्केट आने-जाने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। डीएससी रोड पर स्थित स्लिप रोड एक हफ्ते में फिर से खुल जाएगी। यह रोड NSEZ की ओर से भंगेल मार्केट तक पहुंचने का सीधा रास्ता उपलब्ध कराती है। इस रास्ते को ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए बंद किया गया था। लेकिन इस बंद होने से मार्केट जाने वाले लोगों को 4 से 5 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा था। जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों को बहुत परेशानी हो रही थी। इस रोड के फिर से खुलने से उन्हें लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा।

भंगेल-सलारपुर मार्केट

भंगेल-सलारपुर मार्केट नोएडा के सबसे बड़े ग्रामीण बाजारों में से एक है। यह व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। इस मार्केट में रोजाना हजारों लोग खरीदारी करने और कारोबार के लिए पहुंचते हैं। नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने पिछले सप्ताह नोएडा विलेज रेजिडेंट्स एसोसिएशन (NOVRA) के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की थी। जिसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्लिप रोड को फिर से खोलना निर्देश दिया।

5 मीटर चौड़ी होगी स्लिप रोड

अधिकारियों ने बताया कि स्लिप रोड के लगभग 200 मीटर हिस्से को दोबारा बनाया जाएगा। यहां टार बिछाया जाएगा और रोड को 5 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से दोनों तरफ हाइट बैरियर भी लगाए जाएंगे। साथ ही ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए दिशा-निर्देश वाले बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

निरीक्षण के बाद रोड खोलने का फैसला

NOVRA के अध्यक्ष रंजन तोमर ने बताया कि नोएडा के डिप्टी जनरल मैनेजर (DGM) विजय रावल ने गुरुवार को मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें सड़क बंद होने के कारण स्थानीय दुकानदारों और निवासियों को हो रही परेशानियों के बारे में बताया गया। निरीक्षण के बाद इस रोड को फिर से खोलने और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने पर सहमति बनी।

भंगेल आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष संदीप त्यागी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इस रोड के बंद होने से आम लोगों और व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा था। गौरतलब है कि DSC रोड को 2020 में एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण होने के दौरान खोदा गया था। हालांकि फ्लाईओवर को नवंबर में खोल दिया गया था। लेकिन इसके खुलने के बावजूद सड़क की हालत खराब बनी हुई थी, जिससे स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा था।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article