Noida newlywed woman dies: पहले नोएडा, ग्रेटर नोएडा की द्विशा शर्मा, ग्रेटर नोएडा की दीपिका फिर जयपुर की अनु मीणा और अब नोएडा की एक और नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। लड़की के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मामला सेक्टर-63 थाना क्षेत्र स्थित छीजारसी कॉलोनी का है जहां सोमवार रात 22 वर्षीय पूजा का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला। थाना प्रभारी अमित काकरान ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अपर पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) संतोष कुमार की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि पूजा की शादी छह माह पहले अभिषेक पाल से हुई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पूजा के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर उसका उत्पीड़न करते थे, जिसके कारण उसकी मौत हुई। बता दें कि द्विशा, दीपिका, अनु के बाद नोएडा ही नहीं और भी जगह यौन उत्पीड़न से जा रही जान।
मित्र पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद किशोरी ने की आत्महत्या
रांची में 17 साल की किशोरी ने अपने एक किशोर मित्र पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के एक महीने बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि 16 साल के लड़के को 18 अप्रैल को हिरासत में लिया गया था और वह अभी सुधार गृह में है।
सदर पुलिस स्टेशन के प्रभारी कुलदीप कुमार ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’लड़की सोमवार दोपहर को अपने घर के बाथरूम में फंदे से लटकी हुई मिली। शुरुआती जांच से पता चलता है कि लड़की और आरोपी के बीच संबंध थे। 17 अप्रैल को आरोपी उसे अपने घर ले गया और उसका यौन उत्पीड़न किया।’’
उन्होंने कहा, ’’वह इस घटना से बहुत सदमे में थी, और फिर उसने इतना बड़ा कदम उठाया।’’ उन्होंने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। कुमार ने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी 9वीं कक्षा का छात्र है जबकि लड़की इंटरमीडिएट में थी।
