Sitapur Newlywed Couple Death: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक नवविवाहित दंपति के शव मंदिर परिसर के भीतर एक पेड़ से लटके हुए मिले। पुलिस के अनुसार यह मामला रविवार सुबह हरगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत अनिया कलां गांव का है। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी मंदिर में लगभग 22 दिन पहले दोनों का विवाह संपन्न हुआ था।
दूर के रिश्तेदार थे दंपति
हरगांव थानाध्यक्ष बलवंत सिंह शाही ने बताया कि मृतकों की पहचान 22 वर्षीय खुशी राम और 19 वर्षीय उनकी पत्नी मोहिनी के रूप में हुई है। दोनों लहरपुर थाना क्षेत्र के बस्ती पुरवा के निवासी थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शाही ने बताया कि खुशी राम और मोहिनी दूर के रिश्तेदार थे और दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था।
6 दिसंबर को की थी शादी
दोनों के परिवार उनके रिश्ते के खिलाफ थे, इसलिए उन्होंने 6 दिसंबर को घर छोड़कर हरगांव स्थित महामाई मंदिर में वैदिक परंपरा के अनुसार विवाह कर लिया था। बताया गया कि उनके शव इसी मंदिर के परिसर में एक पेड़ से लटके हुए पाए गए। थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि शादी के बाद खुशी राम अपनी पत्नी मोहिनी के साथ लहरपुर में अपने परिवार के पास रह रहे थे।
मामले की जांच जारी
पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। इसके पीछे मानसिक तनाव, पारिवारिक दबाव या अन्य किसी कारण की संभावना को पूरी तरह से खारिज नहीं किया जा सकता। थानाध्यक्ष शाही ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मिलने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
