शहर

दिल्ली NCR में बनेगा एक और एक्सप्रेसवे, दो महीने में तैयार हो जाएगी DPR

दिल्ली-NCR में जल्द ही एक और एक्सप्रेसवे बनने जा रहा है। छह लेन के इस एक्सप्रेसवे को लेकर कल यानी मंगलवार 10 मार्च को सलाहकार एजेंसी ने जगह का मुआयना किया। अब दो महीने में DPR तैयार होने की उम्मीद है। इससे दिल्ली-एनसीआर के अहम इलाके में ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

Image

दिल्ली-एनसीआर में बनेगा ये नया एक्सप्रेसवे, जाम से मिलेगी मुक्ति

देश अब एक्सप्रेसवे की रफ्तार से दौड़ रहा है। देश के तमाम हिस्सों में एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है। नए-नए एक्सप्रेसवे दूरियों को समेट रहे हैं और दिनों की दूरियों को घंटों में और घंटों की दूरियों को मिनटों में समेट रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर में पहले ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, द्वारका एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे के साथ ही ईस्टर्न पैरिफरल एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां फर्राटा मार रही हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे पर काम तेजी से किया जा रहा है। अब दिल्ली-NCR में जल्द ही एक और एक्सप्रेसवे का काम शुरू होने जा रहा है।

दिल्ली-NCR में अब कहां बनेगा एक्सप्रेसवे

दिल्ली-NCR में बनने वाले जिस एक्सप्रेसवे की हम यहां बात कर रहे हैं वह उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में बनेगा। जी हां, नोएडा में सेक्टर 94 गोलचक्कर से यमुना पुश्ते के पास सेक्टर 150 तक यह एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा।

कितना लंबा होगा यह नया एक्सप्रेसवे

नोएडा में नोएगा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के विकल्प के तौर पर प्रस्तावित इस एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 31.2 किमी होगी। यमुना किनारे इस एक्सप्रेसवे को बनाए जाने का प्रस्ताव है। पिछले साल हुई बोर्ड बैठक में नोएडा अथॉरिटी ने यमुना पुश्ते पर एक्सप्रेसवे बनाने के लिए UPEIDA को मंजूरी दी थी। इससे संबंधित प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में मंजूरी भी मिल चुकी है।

दो महीने में तैयार हो जाएगी DPR

UPEIDA की सलाहकार एजेंसी के अधिकारियों ने यमुना पुश्ते पर बनने वाले इस 6 लेन के एक्सप्रेसवे के लिए संभावित स्थानों का निरीक्षण किया है। नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों का दावा है कि एक्सप्रेसवे के लिए दो महीने में DPR तैयार हो जाएगी। UPEIDA की सलाहकार एजेंसी के तीन अधिकारी कल यानी मंगलवार 10 मार्च को नोएडा आए थे।

अधिकारियों ने यमुना पुश्ते का मुआयना किया

यहां एजेंसी के अधिकारियों ने सुबह करीब 11.30 बजे सेक्टर 6 स्थित अथॉरिटी दफ्तर में चीफ इंजीनियर सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे सभी अधिकारियों ने मौके पर जाकर यमुना पुश्ते का जायजा भी लिया। इस दौरान उन्होंने नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक यमुना पुश्ते की वर्तमान स्थिति का मुआयना किया।

इस दौरान अधिकारियों ने यमुना पुश्ते को चौड़ा करने के साथ ही इस पर एलिवेटेड रोड बनाए जाने की संभावनाओं को खंगाला। इस दौरान उन्होंने दोनों तरफ हो रहे निर्माण कार्य को भी देखा। शाम करीब साढ़े 5 बजे एजेंसी के अधिकारी यमुना प्राधिकरण के दफ्तर लौटे। पुश्ते का निरीक्षण के दौरान अथॉरिटी और सिंचाई विभाग के अधिकारी भी वहां मौजूद रहे। अधिकारियों ने सेक्टर 94 से यमुना एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर 150 तक पूरे हिस्से का जायजा लिया।

तीनों अथॉरिटी मिलकर एक्सप्रेसवे का खर्च उठाएंगी

यमुना पुश्ते के साथ बनने वाले इस एक्सप्रेसवे का खर्च तीनों अथॉरिटी यानी नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी मिलकर उठाएंगी। UPEIDA की सलाहकार एजेंसी ने परियोजना से संबंधित पूरी रिपोर्ट सौंप दी है, अब डीपीआर तैयार की जा रही है। परियोजना में सिंचाई विभाग की भी हिस्सेदारी है और उनके अनुसार जरूर बदलाव कर पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

महामाया फ्लाईओवर भी नए एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा

यमुना पुश्ते पर प्रस्तावित नए एक्सप्रेसवे को महामाया फ्लाईओवर से भी जोड़ने की योजना है। इससे महामाया फ्लाईओवर से ग्रेटर नोएडा तक का सफर आसान हो जाएगा। सेक्टर 14 स्थित चिल्ला बॉर्डर से महामाया फ्लाईओवर तक जाम की सबसे ज्यादा दिक्कत होती है और यहां पर ड्रेनेज के ऊपर एलिवेटेड रोड बनाया जा रहा है। यह एलिवेटेड रोड चिल्ला बॉर्डर को महामाया फ्लाईओवर से जोड़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
Digpal Singh author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article