होली का त्योहार बीत चुका है। होली से पहले जिस तरह से घर जाने के लिए ट्रेनों में मारा-मारी थी, वैसी ही मारा-मारी अब वापसी की ट्रेनों में है। होली के लिए भारतीय रेलवे के कई स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं, जो होली से पहले यात्रियों को उनके घर लेकर गई थीं। वहीं ट्रेनें अब यात्रियों को वापस ला रही हैं। अगर आप भी इस वीकेंड दिल्ली की ट्रेन ढूंढ़ रहे हैं तो हम आपके लिए स्पेशल ट्रेनों की लिस्ट लेकर आए हैं, जो होली के बाद आपको दिल्ली पहुंचने में मदद करेंगी।
यात्रियों की भारी भीड़ के कारण दिल्ली प्रयागराज-दिल्ली रूट पर रिजर्व टिकट न मिलने से यात्री परेशान हैं। इस परेशानी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने पांच स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। इन पांच ट्रेनों की शुरुआत कल यानी गुरुवार 5 मार्च से हुई है। इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से यात्रियों को वेटिंग लिस्ट से राहत मिली है। पहली स्पेशल ट्रेन का समय तो पहले ही निकल चुका है।
दूसरी स्पेशल ट्रेन (04143/04144) आज यानी शुक्रवार 6 मार्च को रात 9.30 बजे प्रयागराज से चलेगी और कल यानी शनिवार 7 मार्च को सुबह 10.15 बजे दिल्ली से प्रयागराज की अपनी वापसी की यात्रा करेगी। इस स्पेशल ट्रेन में 9 स्लीपर और 8 जनरल कोच सहित कुल 24 डिब्बे हैं।
तीसरी स्पेशल ट्रेन (04145/04146) कल यानी शनिवार 7 मार्च को रात 9.30 बजे प्रयागराज से दिल्ली के लिए रवाना होगी, जबकि रविवार 8 मार्च को सुबह 10.15 बजे दिल्ली से प्रयागराज के लिए जाएगी। चौथी स्पेशल गाड़ी (04149/04150) रविवार 8 मार्च को प्रयागराज से दिल्ली के लिए और सोमवार 9 मार्च को दिल्ली से वापसी की यात्रा पर निकलेगी। इस ट्रेन में चेयरकार की सुविधा भी है।
सोमवार 9 मार्च को पांचवी स्पेशल ट्रेन (04147/04148) प्रयागराज से रात 9.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी, जबकि यही ट्रेन मंगलवार 10 मार्च को सुबह 10.15 बजे दिल्ली से प्रयागराज के लिए वापसी करेगी। इस ट्रेन में मुख्य रूप से स्लीपर और सामान्य कोच मौजूद रहेंगे।
यह सभी ट्रेनें रास्ते में फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, अलीगढ़, दादरी और गाजियाबाद होते हुए सुबह नौ बजे दिल्ली पहुंचेंगी। रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों में सभी श्रेणियों का ध्यान रखा है। कुछ ट्रेनों में एसी फर्स्ट और सैकेंड क्लास के कोच ज्यादा हैं तो कुछ ट्रेनों में स्लीपर और जनरल कोच की संख्या ज्यादा रखी गई है।
