शहर

परी चौक पर एक्वालाइन से जुड़ेगी नमो भारत RRTS, जानें क्या होगा पूरा रूट

गाजियाबाद-जेवर नमो भारत कॉरिडोर की DPR पर काम शुरू हो गया है। इस कॉरिडोर के परी चौक स्टेशन पर एक्वा लाइन से इंटरचेंज भी बनाया जाएगा। इससे एयरपोर्ट और NCR के प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

Image

गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक नमो भारत की DPR पर काम शुरू

ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में मौजूद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी को और भी बेहतर करने के लिए लगातार पहल जारी है। यहां तक सार्वजनिक परिहवन को तेज और निर्बाध बनाने कि दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने प्रस्तावित 72.44 किलोमीटर लंबे गाजियाबाद-जेवर नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर की DPR तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। यह परियोजना खास होगी, क्योंकि यह गाजियाबाद को जेवर से जोड़ेगी और गाजियाबाद से पहले ही मेरठ तक नमो भारत ट्रेन चल रही है। इस परियोजना की एक और खास बात यह होगी कि ग्रेटर नोएडा के परी चौक स्टेशन पर नमो भारत का इंटरचेंज नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के साथ बनाया जाएगा। इस इंटरचेंज से यात्रियों को सहज ही मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी मिल जाएगी।

NCRTC के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने जानकारी दी कि गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर के साथ-साथ नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम नमो भारत कॉरिडोर की DPR पर भी समानांतर रूप से काम किया जा रहा है। इन दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य NCR के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाना है।

12 स्टेशन और इन क्षेत्रों को मिलेगी कनेक्टिविटी

प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर गाजियाबाद से शुरू होकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र से होते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर तक पहुंचेगा। इस पूरे रूट पर कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें गाजियाबाद, गाजियाबाद साउथ, ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4, ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-2, नॉलेज पार्क-5, सूरजपुर, परी चौक, इकोटेक-6, दनकौर, यीडा नॉर्थ सेक्टर-18, यीडा सेंट्रल सेक्टर-21 और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं। रूट की शुरुआत और अंत दोनों सिरों पर डिपो भी बनाए जाएंगे।

180KM की रफ्तार और 40-50 मिनट का सफर

करीब 20,640 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस RRTS कॉरिडोर को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की मैक्सीमम स्पीड के अनुरूप डिजाइन किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर लगभग 40 से 50 मिनट में पूरा हो जाएगा। इससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, एयरपोर्ट आने-जाने वालों और औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वालों को बड़ा फायदा मिलेगा।

मेट्रो और फिल्म सिटी से सीधी कनेक्टिविटी

RRTS कॉरिडोर के तहत परी चौक स्टेशन को नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के साथ इंटरचेंज के रूप में बनाया जाएगा। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई सेक्टरों तक यात्रियों की पहुंच आसान हो जाएगी। वहीं यीडा सेंट्रल सेक्टर-21 स्टेशन से प्रस्तावित नोएडा फिल्म सिटी को भी कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा यात्री दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन के जरिए गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पहुंचकर सीधे जेवर क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाली रैपिड रेल सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे।

यह कॉरिडोर भविष्य में दिल्ली-एनसीआर के इंटीग्रेटिड पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को मजबूत करने के साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article