Nagpur Crime News: महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बच्चों के मामूली विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं। वठोड़ा थाना क्षेत्र के खरबी इलाके में बच्चों के बीच हुए छोटे से झगड़े को सुलझाने पहुंचे एक पिता पर पड़ोसियों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पूरी वारदात का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार, खरबी परिसर में खेल-खेल में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बात बिगड़ती देख परिजनों को इसकी खबर मिली। पीड़ित पिता शहबाज अपने बच्चे का बचाव करने और मामले को शांत कराने के इरादे से मौके पर पहुँचे थे। उन्होंने दोनों पक्षों के बच्चों को समझा-बुझाकर मामला खत्म करने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसी सुलह के मूड में नहीं थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Azamgarh News: 'पुलिस की गोली से गई बेटे की जान', आरोपी मृतक की बहन का दावा; SSP बोले- गलत है ये आरोप
देखते ही देखते बातों का सिलसिला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान गुस्से में बौखलाए पड़ोसियों ने शहबाज पर लोहे की भारी रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। उनके सिर पर सीधा वार किया गया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वठोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मृतक के परिवार की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल एक महिला समेत तीन आरोपियों-वाहिद अंसारी, इमरान अंसारी और राबिना अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को सबूत के तौर पर इस्तेमाल कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
