शहर

Nagpur Accident: दोस्त के जन्मदिन की पार्टी मनाने निकले थे 3 युवक, रास्ते में हुआ भीषण हादसा; 2 की मौत

Nagpur Accident News: नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की सड़क किनारे खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल हुआ।

Image

नागपुर में तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई

Photo : Times Now Digital

Nagpur Accident News: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक तेज रफ्तार कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार से आते हुए सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराते हुए दिखाई दे रही है। दुर्घटना में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा कलमना थाना क्षेत्र के भरतवाड़ा चौक के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार में तीन युवक सवार थे। तीनों अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। कार तेज रफ्तार से चल रही थी, तभी चौक के पास अचानक ड्राइवर का गाड़ी से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।

टक्कर के बाद कार के उड़े परखच्चे

हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार कार सवार युवक भौमिक लारोकर और सागर मेलवानी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक मिहिर बेहर हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे की जांच कर रही पुलिस

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल कार टाटा कंपनी की इलेक्ट्रिक कार (EV) थी। ट्रक से टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब CCTV फुटेज और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article