शहर

मुजफ्फरपुर में शराब माफिया के साथ डांस करते दिखे ASI, वीडियो वायरल होने पर SSP ने किया सस्पेंड

मुजफ्फरपुर में एक पुलिसकर्मी का एक शराब कारोबारी के साथ डांस करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। मामले की जांच के बाद SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने ASI को तत्काल निलंबित कर दिया।

Image

मुजफ्फरपुर में शराब कारोबारी के साथ डांस करते दिखे ASI

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक पुलिसकर्मी का शराब कारोबारी के साथ डांस करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले में कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर के SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने ASI विपिन सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। विपिन सिंह औराई थाना के डायल-112 में ASI के पद पर तैनात थे। वायरल वीडियो सामने आने के बाद उनके आचरण पर कई सवाल उठे, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पूरे मामले की जांच कराई गई।

शराब कारोबारी के साथ डांस करते दिखे ASI

मामला उस समय सामने आया जब सोशल मीडिया पर ASI का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में ASI विपिन सिंह एक व्यक्ति के साथ डांस करते हुए नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। SSP के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पूर्वी-01, मुजफ्फरपुर को पूरे मामले की जांच सौंपी गई।

वीडियो में दिख रहा शख्स बताया गया शराब कारोबारी

पुलिस की जांच रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो में ASI के साथ नजर आ रहे व्यक्ति की पहचान दिलचंद राय के रूप में हुई, जो औराई थाना क्षेत्र का चिह्नित शराब कारोबारी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ शराब बरामदगी से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। ऐसे व्यक्ति के साथ एक पुलिस अधिकारी का इस तरह सार्वजनिक रूप से मेलजोल रखना और डांस करते हुए दिखना पुलिस विभाग के लिए गंभीर मामला माना गया। जांच रिपोर्ट में ASI विपिन सिंह के इस व्यवहार को पुलिस सेवा के अनुशासन और मर्यादा के खिलाफ बताया गया।

SSP ने लिया सख्त एक्शन

मामले की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने ASI विपिन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। SSP कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति से इस तरह नजदीकी रखना पुलिस सेवा की गरिमा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के विपरीत है। विभाग के अनुसार, ASI का यह आचरण अनुशासनहीनता और लापरवाही को दिखाता है और इससे पुलिस बल की छवि पर भी गलत प्रभाव पड़ा है।

वायरल वीडियो के बाद खुला मामला

बताया जा रहा है कि अगर सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल नहीं होता तो मामला सामने नहीं आता। वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेकर जांच शुरू कराई। जांच में ASI के साथ डांस कर रहे व्यक्ति के शराब कारोबार से जुड़े होने की पुष्टि होने के बाद मामला और गंभीर हो गया। फिलहाल ASI विपिन सिंह को निलंबित कर दिया गया है और विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!