शहर

मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़ में दो अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार, बड़ी वारदात की फिराक में थे बदमाश

मुजफ्फरनगर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो अंतरराज्यीय लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। आरोपियों की पहचान परवेज और वकील के रूप में हुई है। जिन पर चोरी, लूट और गैंगस्टर समेत कई केस दर्ज हैं।

Image

Muzaffarnagar Police Encounter

Photo : Times Now Digital

Muzaffarnagar Police Encounter: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार रात पुलिस और दो अंतरराज्यीय बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे थे, तभी पुलिस ने रास्ते में उन्हें दबोच लिया। उनके पास से तमंचा, कारतूस, मोबाइल और संदिग्ध स्कूटी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, नई मंडी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ शातिर अपराधी चोरी की स्कूटी पर घूम रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर संदिग्ध वाहनों के लिए चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान एक स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे।

पुलिस ने उनका पीछा करते हुए घेराबंदी की। करीब 700 मीटर आगे कच्चे रास्ते पर आरोपियों की स्कूटी फिसलकर गिर गई। इसके बाद भी दोनों बदमाशों ने पुलिस पर दोबारा फायरिंग की। पुलिस ने भी आत्मरक्षा जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि गोली लगते ही दोनों बदमाश गिड़गिड़ाने लगे। पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान परवेज पुत्र फकीरा निवासी भोजपुर, जनपद गाजियाबाद और वकील पुत्र असलम निवासी अजगाड़ा मंडली, जनपद मेरठ के रूप में बताई। पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं।

दोनों आरोपियो का लंबा आपराधिक इतिहास

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि परवेज के खिलाफ चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित 28 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं वकील पर 15 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों शातिर अपराधी अलग-अलग राज्यों में वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस को मौके से एक बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध स्कूटी, एक 315 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बरामद स्कूटी के चोरी होने की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है ताकि अपराधियों के नेटवर्क और अन्य वारदातों का खुलासा किया जा सके। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article