शहर

दिल्ली : उत्तम नगर में ईद का जश्न फीका, हाई सिक्योरिटी में अदा हुई नमाज; सुरक्षाकर्मियों पर बरसाए...

द्वारका के पुलिस उपायुक्त कुशलपाल सिंह ने कहा कि हालात शांतिपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि यहां का माहौल शांतिपूर्ण है। लोगों ने बिना किसी बाधा के नमाज अदा की। अधिकारी ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करने का आग्रह किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज शांतिपूर्वक तरीके से अदा की गई

Image

उत्तम नगर में ईद की नमाज अदा (फोटो-ट्विटर)

दिल्ली : पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर में शनिवार को भारी सुरक्षा के बीच मुसलमानों ने ईद-उल-फितर की नमाज अदा की। हालांकि, कुछ दिन पहले हुई एक स्थानीय झड़प में एक व्यक्ति (तरुण) की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव के कारण जश्न फीका रहा। इस बीच, पुलिस ने भड़काऊ नारे लगाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश के आरोप में करीब 95 लोगों को हिरासत में लिया। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दो लोग फूलों की पंखुड़ियों से भरा थैला लेकर पुलिस और द्रुत कार्य बल (आरएएफ) के कर्मियों पर पंखुड़ियां बरसाते नजर आए।

पुलिस पर बरसाए फूल

इसमें किसी को यह भी कहते सुना गया कि ’पुलिस ने पूरा सहयोग दिया’’ और एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि उन्होंने शानदार काम किया। पुलिस के अनुसार, हस्तसाल गांव और आसपास के इलाकों में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है। सत्यापन के बाद केवल स्थानीय निवासियों को ही कुछ विशेष हिस्सों में जाने की अनुमति दी गई जबकि बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए पुलिस दल के पैदल गश्त करने के साथ छतों, संकरी गलियों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिये चौकस निगरानी की गई।

द्वारका के पुलिस उपायुक्त कुशलपाल सिंह ने कहा कि हालात शांतिपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि यहां का माहौल शांतिपूर्ण है। लोगों ने बिना किसी बाधा के नमाज अदा की। अधिकारी ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करने का आग्रह किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज शांतिपूर्वक तरीके से अदा की गई, हालांकि उत्सव इस बार सादगी के साथ मनाया गया। स्थानीय निवासी परवेज ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द की भावना अब भी कायम है।

उन्होंने कहा कि हमने शांति से नमाज अदा की। उम्मीद है कि हमारे हिंदू मित्र भी पर्व में शामिल होंगे और हम सब मिलकर त्योहार मनाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। तरुण की मौत से हमें गहरा दुख है, वह हमारे लिए भाई जैसा था। हालांकि, जमीन पर मौजूदा स्थिति उतनी तनावपूर्ण नहीं है, जितना (सोशल मीडिया पर) दिखाया जा रहा है। हमारे पड़ोसी बेहद सहयोगी रहे हैं और पुलिस ने भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। वहीं, एक अन्य स्थानीय निवासी मोहम्मद नवीन ने माना कि माहौल पूरी तरह सामान्य तो नहीं हुआ है।

तनावपूर्ण स्थिति में मनाई ईद

उन्होंने कहा कि बाहरी तत्वों द्वारा बनाए गए माहौल और भारी पुलिस तैनाती के कारण पहले जैसी सहजता महसूस नहीं हो रही। तनावपूर्ण स्थिति के बीच हम ईद मना रहे हैं। फिर भी हम दिल्ली पुलिस के आभारी हैं, जिसने कानून-व्यवस्था बनाए रखी और हमें सुरक्षित ढंग से त्योहार मनाने का अवसर दिया। उत्तम नगर की जामा मस्जिद के प्रमुख खालिद अली ने कहा कि शुरुआती दिनों में अफवाहों और बाहरी लोगों की सक्रियता से इलाके में तनाव बढ़ा था।

पुलिस ने संभाली कानून-व्यवस्था

उन्होंने कहा, "पहले यहां माहौल तनावपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभाली। आज हम सुरक्षित माहौल में ईद मना पाए हैं। मुझे यह भी जानकारी दी गई कि उत्तम नगर की सभी मस्जिदों में ईद की नमाज शांतिपूर्वक तरीके अदा की गई। चार मार्च को होली के दिन जेजे कॉलोनी में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई झड़प में घायल 26 वर्षीय तरुण की मौत हो गई थी। यह विवाद उस समय शुरू हुआ, जब एक परिवार की लड़की द्वारा फेंका गया पानी का गुब्बारा अनजाने में दूसरे परिवार की एक महिला को लग गया और बात बढ़ते-बढ़ते हिंसक टकराव में बदल गई। इस घटना के बाद कुछ समूहों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोपियों से जुड़े दो वाहनों में आग लगा दी गई। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा कि अफवाहों पर लगाम लगाने और भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!